रांची : रांची शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में सुकुरहुटू स्थित नवनिर्मित ट्रांसपोर्ट नगर को अहम पहल माना जा रहा है। नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा विकसित ट्रांसपोर्ट नगर के फेज-1 और फेज-2 का बुधवार, 9 सितंबर 2026 को नगर आयुक्त श्री सुशांत गौरव के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में रांची नगर निगम, जिला प्रशासन और जुडको के पदाधिकारी शामिल रहे। टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर के लेआउट प्लान, एंट्री-एग्जिट व्यवस्था, पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग क्षेत्र, आधारभूत संरचनाओं, नागरिक सुविधाओं और ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए ट्रांसपोर्ट नगर को शहर की जरूरत के अनुरूप अधिक उपयोगी और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने चरणबद्ध तरीके से वाहन क्षेत्रों का वर्गीकरण, रूट प्लान और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मंथन करने तथा सभी स्टेकहोल्डर्स से परामर्श के बाद आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
Read More : पटना में NIA की दूसरी रेड, RSS ऑफिस हमला केस में 2 फ्लैट खंगाले
शहर के अंदर भारी वाहनों का दबाव होगा कम
नगर आयुक्त ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के संचालन से रांची की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। भारी मालवाहक वाहनों के लिए व्यवस्थित स्थान मिलने से शहर की प्रमुख सड़कों पर इन वाहनों का दबाव कम होगा। इससे जाम की समस्या में कमी आने, आवागमन सुगम होने और सड़क सुरक्षा में सुधार की उम्मीद है। ट्रांसपोर्ट नगर में भारी वाहनों की पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े कार्य और वाहन चालकों के ठहरने जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे शहर के भीतर बेतरतीब पार्किंग और माल लोडिंग-अनलोडिंग की समस्या को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। ट्रांसपोर्ट नगर के व्यवस्थित संचालन से आम शहरवासियों को भी कई स्तरों पर लाभ मिलने की संभावना है। भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित होने से मुख्य सड़कों पर यातायात सुगम होगा और जाम में कमी आने की उम्मीद है। इसके साथ ही यात्रा का समय बचाने और दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने में भी मदद मिल सकती है। शहर में माल परिवहन से जुड़ी गतिविधियों के लिए निर्धारित क्षेत्र मिलने से परिवहन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी।
ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स का बनेगा केंद्र
ट्रांसपोर्ट नगर सिर्फ भारी वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान नहीं होगा, बल्कि इसे ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स गतिविधियों के संगठित केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम माना जा रहा है। एक ही परिसर में परिवहन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां होने से व्यवसायियों को सुविधा मिलने और कारोबार को गति मिलने की संभावना है। नगर आयुक्त ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के विकास से सुकुरहुटू और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक एवं शहरी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े कारोबार के साथ अन्य सहायक व्यवसायों के विकसित होने की संभावना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ट्रांसपोर्ट नगर की जरूरत और उपयोगिता को देखते हुए यहां सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। वर्तमान में फेज-1 में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से संबंधित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि फेज-2 में आधुनिक और अतिरिक्त सुविधाओं को विकसित किया जाना है।
सुनियोजित शहरी विकास में अहम भूमिका
नगर आयुक्त ने कहा कि रांची के सुनियोजित शहरी विकास के लिए केवल सड़कों का विस्तार पर्याप्त नहीं है। परिवहन, पार्किंग, व्यवसाय और लॉजिस्टिक्स जैसी गतिविधियों को भी व्यवस्थित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भविष्य में यह रांची के व्यवस्थित विस्तार, बेहतर यातायात प्रबंधन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएगा। निरीक्षण दल में उप नगर आयुक्त श्री रविंद्र कुमार, डीटीओ श्री अखिलेश कुमार, एलआरडीसी श्री मुकेश कुमार सहित रांची नगर निगम, जिला प्रशासन और जुडको के पदाधिकारी एवं संबंधित टीम के सदस्य उपस्थित थे।





