रांची : रांची समाहरणालय में आम नागरिकों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने आज यानी शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में तीन अतिरिक्त आधुनिक लिफ्टों का शुभारंभ किया। इनमें ब्लॉक-ए में दो और ब्लॉक-बी में एक लिफ्ट शामिल है।
read more : खूंटी डबल मर्डर : शवों की हुई पहचान, महिला और उसके भाई की हत्या का आरोप
इसके साथ ही समाहरणालय के ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी में अब कुल आठ लिफ्टें संचालित हो रही हैं। इससे ऊपरी मंजिलों पर स्थित विभिन्न कार्यालयों तक पहुंचना पहले की तुलना में अधिक आसान हो जाएगा।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को मिलेगी राहत
डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि समाहरणालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने कार्यों के लिए आते हैं। नई लिफ्ट सुविधा शुरू होने से विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लिफ्टों के नियमित रखरखाव, सुरक्षा मानकों के पालन और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सेल्फ रेस्क्यू तकनीक से लैस हैं नई लिफ्टें
नई लिफ्टों में सेल्फ रेस्क्यू (Self Rescue) सिस्टम लगाया गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में यह प्रणाली स्वतः सक्रिय होकर लिफ्ट को निकटतम मंजिल तक पहुंचाती है, जिससे अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। समाहरणालय परिसर में पहले से बैठने और पेयजल की सुविधा उपलब्ध है। प्रशासन का कहना है कि नई लिफ्टों के शुरू होने से नागरिकों को और अधिक सुगम एवं आधुनिक सेवाएं मिलेंगी तथा समाहरणालय को नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
read more : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, महापौर रोशनी खलकाे ने स्व० सूरज नायक के परिजनों से की मुलाकात




