पेशावर : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत स्थित कोहाट जिले में शुक्रवार को एक बड़ा आतंकी हमला सामने आया है. कोहाट पुलिस लाइंस परिसर में मौजूद मस्जिद के पास हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह एक फिदायीन हमला था. धमाके के तुरंत बाद मस्जिद के बाहर अंधाधुंध फायरिंग भी की गई. हालांकि, अभी तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.
Read More : IRCTC होटल केस में लालू, राबड़ी और तेजस्वी समेत 9 पर आरोप तय
पुलिस लाइंस गेट से टकराया बारूद से भरा वाहन
यह घटना खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित पुरानी पुलिस लाइंस के पास घटी. शुरुआती जांच के अनुसार, विस्फोटकों से भरा एक वाहन सीधे मस्जिद के गेट से टकराया, जिसके बाद एक जोरदार धमाका हुआ. धमाका इतना तीव्र था कि मस्जिद के बाहर एक गहरा गड्ढा बन गया. घायलों में आम नागरिकों के साथ-साथ कई पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. प्रांतीय पुलिस प्रमुख ज़ुल्फ़िकार हमीद ने बताया कि शुक्रवार की नमाज के दौरान हुए इस आत्मघाती धमाके में 16 लोगों की जान गई है, जिनमें 5 पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल हैं. जिला मुख्यालय (DHQ) अस्पताल के एमएस ताहिर अली शाह ने पुष्टि की कि अस्पताल में 15 शव लाए गए हैं और 50 से अधिक घायलों का इलाज जारी है.
इलाका सील, कोहाट-हंगू रोड पर यातायात बंद
विस्फोट के बाद पूरे पुलिस लाइंस परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों को तैनात कर दिया गया है. राहत एवं बचाव अधिकारियों ने बताया कि धमाके के कारण मस्जिद का बाहरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और एक दीवार भी ढह गई. सुरक्षा कारणों से अधिकारियों ने कोहाट-हंगू रोड को सभी प्रकार के यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है.




