रांची : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की टीम ने शनिवार को बुढ़मू और खेलारी प्रखंड स्थित सभी लीगल एड क्लिनिकों का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण माननीय न्यायायुक्त, रांची अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन तथा डालसा सचिव (ईंचार्ज) की मौजूदगी में किया गया।
Read More : JPSC भर्ती घोटाले पर बाबूलाल मरांडी का बड़ा दावा, बोले- अफसर बनने का रेट 40 लाख
निरीक्षण टीम में एलएडीसी सदस्य वीरेन्द्र प्रताप और अनुप कुमार शामिल रहे। टीम ने क्लिनिकों में कार्यरत पैरा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) को निर्देश दिया कि लीगल एड क्लिनिकों में बैनर, पोस्टर, पंपलेट और लीफलेट उपलब्ध कराए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी मिल सके।
जरूरतमंदों तक पहुंचे विधिक सहायता की जानकारी
निरीक्षण के दौरान वीरेन्द्र प्रताप ने पीएलवी को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) की विभिन्न योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं अनुप कुमार ने कहा कि क्लिनिक में आने वाले जरूरतमंद और समाज के वंचित वर्ग के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनके आवेदन सीधे जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय भेजे जाएं, ताकि उन्हें समय पर कानूनी सहायता मिल सके।
जागरूकता बढ़ाने पर दिया गया जोर
डालसा टीम ने कहा कि लीगल एड क्लिनिकों का उद्देश्य आम लोगों, विशेषकर जरूरतमंद और हाशिए पर रह रहे वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसके लिए क्लिनिकों में आने वाले लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सेवाओं और योजनाओं की विस्तृत जानकारी देना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान डालसा के स्टाफ मोनु कुमार और संबंधित क्षेत्रों के पीएलवी ने भी टीम को सहयोग किया। इस अवसर पर सहायक एलएडीसी वीरेन्द्र प्रताप, अनुप कुमार और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




