रांची : दिवाली के मौके पर झारखंड का मौसम थोड़ा बदला-बदला रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची की मानें तो 9 से 11 नवंबर तक राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, अगले तीन दिनों में तापमान भी नीचे गिरेगा, जिससे सुबह और रात में ठंड का एहसास बढ़ जाएगा। मौसम का हाल ऐसा रहेगा कि राज्य के कई जिलों में सुबह-सुबह हल्का कोहरा और कुहासा देखने को मिलेगा। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा और धूप निकलने की उम्मीद है। लेकिन कुछ इलाकों में बादल आते-जाते रहेंगे। यानी दिवाली के दौरान कहीं बारिश तो कहीं ठंड का असर देखने को मिल सकता है।
Read More : बोकारो में अवैध तेल डिपो में लगी भीषण आग, 1000 लीटर से अधिक तेल जला
तीन दिनों तक गिरेगा तापमान, सुबह-रात बढ़ेगी ठंड
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के मुताबिक, अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं, अधिकतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। इससे सुबह और रात में ठंड का एहसास बढ़ेगा। हालांकि, इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। राजधानी रांची में भी तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 5 नवंबर को शहर का अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 6 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 16 डिग्री रहा। शुक्रवार को रांची के न्यूनतम तापमान में 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इस दिन अधिकतम तापमान 27.7 और न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
9 नवंबर से शुरू हो सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग ने 9 नवंबर से झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। इस दिन उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज के साथ बादल छाने की भी आशंका है। 10 नवंबर को पूर्वी झारखंड के कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बारिश के आसार हैं। वहीं, 11 नवंबर को बारिश का दायरा बढ़ सकता है। रांची, खूंटी, लोहरदगा, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह समेत कई जिलों में सुबह कुहासा छाने के बाद बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है।
रांची में 27 डिग्री के आसपास रहेगा अधिकतम तापमान
राजधानी रांची में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 7 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 8 नवंबर को भी अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, 9 नवंबर को आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 10 और 11 नवंबर को भी सुबह कोहरा और दिन में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। इसके बाद 12 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।
13 नवंबर से मौसम साफ होने के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 12 नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। इसके बाद 13 नवंबर से मौसम साफ होने की उम्मीद है। फिलहाल मौसम विभाग ने 7 से 11 नवंबर तक झारखंड के किसी भी जिले के लिए विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।


