जमशेदपुर : धनतेरस को लेकर जमशेदपुर के बाजारों में खूब चहल-पहल रही। सुबह से ही दुकानों और शोरूमों में खरीदारों की भीड़ जुटने लगी थी, जो देर रात तक जारी रही। मिट्टी के दीये से लेकर बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, सोने-चांदी के गहने और गाड़ियों तक की जमकर खरीदारी हुई। हर तरफ बाजार गुलजार रहा और दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए। इधर, बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस भी पूरी तरह मुस्तैद रही। शहर के बड़े बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। खासकर गहनों की दुकानों के आसपास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी नजर रख रहे थे। सोने-चांदी के गहने और सिक्के खरीदने के लिए लोग पूरे परिवार के साथ देर रात तक शोरूम पहुंचते रहे।
Read More : निशा भगत की मौत पर पिता ने दर्ज कराई शिकायत, अजय तिर्की समेत कई पर आरोप
सोना-चांदी की कीमतों में तेजी का दिखा असर
धनतेरस पर सर्राफा बाजार में ग्राहकों का उत्साह बना रहा, हालांकि सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों और नकदी की कमी का असर कारोबार पर पड़ा। ज्वेलर चेतन आदेसरा ने बताया कि धनतेरस से करीब एक सप्ताह पहले की तुलना में सोने की कीमतों में लगभग 7,000 रुपये का अंतर आया। इससे कारोबार पर कुछ असर पड़ा। उन्होंने बताया कि इसके बावजूद सोने और चांदी दोनों की मांग बनी रही। ग्राहकों ने सोने के सिक्कों और आभूषणों की खरीदारी की। वहीं, चांदी के बर्तन और सिक्के भी लोगों की पसंद बने रहे।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में ऑनलाइन शॉपिंग की चुनौती
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में इस बार ऑनलाइन शॉपिंग का असर देखने को मिला। इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार अनीश सचदेव ने बताया कि धनतेरस पर एलईडी टीवी और वॉशिंग मशीन की खरीदारी अधिक रही। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी का चलन बढ़ने से पारंपरिक दुकानों के कारोबार पर असर पड़ रहा है। ऑफलाइन बिक्री में गिरावट आई है। पिछले साल की तुलना में इस बार धनतेरस का बाजार सामान्य रहा। हालांकि, देर रात तक दुकानें खुली रखने के दौरान पुलिस का सहयोग मिला।
ऑटोमोबाइल बाजार में 30 से 35 प्रतिशत तक बढ़ी बिक्री
धनतेरस पर जमशेदपुर में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की खरीदारी भी देर रात तक जारी रही। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) झारखंड के स्टेट चेयरपर्सन कृष्णा भलोटिया ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों की बिक्री में 30 से 35 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस साल ऑटोमोबाइल कारोबार में 10 से 15 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। आसान फाइनेंस की सुविधा के कारण मारुति, हुंडई, किआ, महिंद्रा, टोयोटा और टाटा मोटर्स जैसी कंपनियों की गाड़ियों की मांग बनी रही।
प्रीमियम कारों और इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ी मांग
कृष्णा भलोटिया के अनुसार, इस बार 20 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली प्रीमियम और हाई-एंड कारों के प्रति ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक (EV), मल्टी-फ्यूल और हाइब्रिड वाहनों को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है। कुल मिलाकर महंगाई और ऑनलाइन बाजार की चुनौतियों के बावजूद धनतेरस पर जमशेदपुर के बाजारों में ग्राहकों का उत्साह देखने को मिला। सर्राफा और इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में चुनौतियां रहीं, जबकि ऑटोमोबाइल बाजार में बिक्री बढ़ने से कारोबारियों को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।


