रांची : हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से 224वें श्री श्याम भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भंडारे का आयोजन सौरभ अग्रवाल और रेखा अग्रवाल के परिवार की ओर से निवेदित किया गया था।
Read More : CCL ने नगड़ी के सरकारी स्कूल में लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 72 बच्चों की हुई जांच
भजन के साथ बाबा श्याम को लगाया गया भोग
भंडारे के अवसर पर मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा, यजमान परिवार और उनके इष्ट मित्रों ने संयुक्त रूप से बाबा श्री श्याम का भोग भजन गाया। इस दौरान ‘आओ आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी’ भजन से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। सबसे पहले बाबा को भंडारे का भोग अर्पित किया गया और इसके बाद उसे महाप्रसाद में शामिल किया गया। अग्रवाल परिवार के सदस्यों ने मंदिर के आचार्यों को भी भोजन प्रसादी ग्रहण करवाई।
गौशाला और वृद्धाश्रम भी भेजा गया प्रसाद
मंडल की ओर से हर शनिवार भंडारे का भोग गौशाला में गौ माता के लिए भेजा जाता है। मंदिर के सदस्य और सहयोगी स्वयं गौशाला पहुंचकर भोग अर्पित करते हैं। इस बार भंडारे का प्रसाद बरियातू स्थित वृद्धाश्रम में भी भेजा गया। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी के निर्देशानुसार मंदिर में भंडारे का प्रसाद पूरी शुद्धता के साथ तैयार किया जाता है।
प्रसाद वितरण के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
भंडारे के दौरान श्री श्याम मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भर गया। हरमू रोड पर भी भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। खाटूनरेश की जय-जयकार से पूरा इलाका गूंज उठा। भगवान श्री गणेश जी महाराज की जय-जयकार के बीच प्रसाद वितरण शुरू किया गया। आज के भंडारे में अजवाइन की पूरी, आलू मिक्स सब्जी, केसरिया जलेबी, चूरमा और खीर का भोग लगाया गया।
50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने दिया सहयोग
श्री श्याम भंडारे के आयोजन में मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, महामंत्री गौरव अग्रवाल, मंडल के वरिष्ठ सदस्य एवं राज्यसभा के पूर्व सांसद अजय मारू, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लाडिया, रतन शर्मा, पवन केडिया, अमित सरावगी, कमलेश सावा, मनोज माहेश्वरी, अंकित सिंह, हर्ष मिश्रा, मनोज खेतावत और उपेन्द्र पांडे सहित 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग दिया। इस संबंध में मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने जानकारी दी।


