रांची : कृषि उत्पादन बाजार समिति, रांची की ओर से दुकानों और गोदामों का किराया बढ़ाने के फैसले का विरोध शुरू हो गया है। बाजार प्रतिनिधि संतोष ने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि दुकानदार बढ़ा हुआ किराया जमा नहीं करेंगे। उनका कहना है कि पहले से ही दुकानदारों पर आर्थिक बोझ है। ऐसे में किराये में बढ़ोतरी करना उचित नहीं है।
Read More : रांची जेल में विचाराधीन कैदी से यौनाचार का आरोप, 19 लोगों पर FIR दर्ज
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कृषि उत्पादन बाजार समिति, रांची ने पंडरा मुख्य बाजार प्रांगण, टर्मिनल मार्केट यार्ड और समिति क्षेत्र के हाट-बाजारों में आवंटित दुकानों और गोदामों का किराया बढ़ाकर 9 रुपये प्रति वर्गफीट प्रति माह कर दिया है। नई दर 1 नवंबर 2026 से लागू की गई है। इसके अलावा आवंटियों को निर्धारित किराये पर नियमानुसार जीएसटी भी देना होगा। इस संबंध में बाजार समिति के पणन सचिव ने कार्यालय आदेश जारी कर सभी दुकान और गोदाम आवंटियों को नई दर के अनुसार किराया जमा करने का निर्देश दिया है।
पंडरा से लेकर हाट-बाजारों तक लागू होगी नई दर
जारी आदेश के अनुसार, पंडरा स्थित मुख्य बाजार प्रांगण और टर्मिनल मार्केट यार्ड के सभी दुकान और गोदाम आवंटियों को नई दर से किराया देना होगा। इसके अलावा समिति क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रांची के विभिन्न हाट-बाजारों में आवंटित दुकानों और गोदामों पर भी यह दर लागू होगी।
पर्षद के आदेश के बाद लिया गया फैसला
बाजार समिति ने यह निर्णय झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद, रांची के कार्यालय आदेश संख्या 83, ज्ञापांक 1130, दिनांक 9 अक्टूबर 2026 के आधार पर लिया है। पणन सचिव ने सभी संबंधित आवंटियों को नई दर के अनुसार किराया और उस पर देय जीएसटी समिति कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया है। अब बाजार समिति के किराया बढ़ाने के फैसले के बाद दुकानदारों और समिति के बीच विरोध की स्थिति बनती दिख रही है।






