रांची : रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल से एक विचाराधीन कैदी के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न, मारपीट और जबरन नशीला पदार्थ पिलाने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर कैदी के पिता ने खेलगांव थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पिता ने अपनी शिकायत में जेल के कुछ बंदियों के साथ-साथ जेल के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। दर्ज प्राथमिकी में कुल 19 लोगों के नाम और पद का जिक्र किया गया है। इनमें जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। कैदी के पिता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
Read More : लातेहार में नहाय-खाय के साथ छठ शुरू, घाटों पर रोशनी और गंगा आरती की तैयारी
एफआईआर में क्या लगाए गए हैं आरोप?
प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता का बेटा रांची के एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में बंद था। उसे रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को बरी कर दिया था। इसके बाद वह घर लौट आया, लेकिन जेल में कथित तौर पर हुई घटनाओं के कारण वह गहरे मानसिक सदमे में है। पिता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि जेल में रहने के दौरान उनके बेटे के साथ तीन अलग-अलग मौकों पर अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। इसके अलावा उसके साथ मारपीट और जबरन नशीला पदार्थ पिलाने की भी बात कही गई है।
तीन अलग-अलग मौकों पर यौनाचार का आरोप
एफआईआर के मुताबिक, पहली घटना 12 जून 2026 की रात की बताई गई है। आरोप है कि जेल के अंदर कुछ बंदियों ने युवक को जबरन साड़ी पहनाई और मेकअप कराकर लड़की के रूप में प्रस्तुत किया। इसके बाद उसे जबरन कोई तरल पदार्थ पिलाया गया, जिससे वह बेहोशी की हालत में चला गया। शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद आरोपियों ने उसे घसीटकर वार्ड संख्या 3-ए में पहुंचाया। वहां कई लोगों ने मिलकर उसके साथ कथित तौर पर अप्राकृतिक यौनाचार किया। इस दौरान उसे धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
दूसरी घटना रामनवमी के आसपास की बताई गई है। एफआईआर के अनुसार, इस दौरान भी युवक को जबरन लड़की के रूप में तैयार किया गया और नशीला पदार्थ पिलाया गया। इसके बाद उसे वार्ड संख्या तीन में ले जाकर दोबारा अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का आरोप है। तीसरी घटना सरहुल पर्व के दौरान की बताई गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसी गिरोह के लोगों ने युवक को जबरन घसीटकर वार्ड संख्या चार और पांच के आसपास पहुंचाया और उसके साथ फिर से अप्राकृतिक यौनाचार किया। हालांकि, शिकायत में दूसरी और तीसरी घटना की सटीक तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है।
वार्ड इंचार्ज पर शिकायत फाड़ने का आरोप
पीड़ित के पिता ने जेल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि उनके बेटे ने जेल के अंदर हुई घटनाओं की जानकारी वार्ड इंचार्ज को लिखित शिकायत देकर दी थी। आरोप है कि वार्ड इंचार्ज ने शिकायत सुनने और कार्रवाई करने के बजाय युवक के साथ दुर्व्यवहार किया और उसकी लिखित शिकायत फाड़ दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि जेल में बंदियों के बीच कथित यौन उत्पीड़न की जानकारी प्रशासन को दी गई थी, लेकिन इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
जेल अस्पताल के चिकित्सक पर भी आरोप
एफआईआर में जेल अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत के अनुसार, कथित यौन उत्पीड़न के बाद युवक ने अपने निजी अंगों में परेशानी और चोट की शिकायत की थी। इसके बाद वह इलाज के लिए जेल अस्पताल पहुंचा। आरोप है कि वहां मौजूद चिकित्सक ने उसकी परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया। चिकित्सक ने कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया और जांच या इलाज करने से इनकार कर उसे वापस भेज दिया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि 12 जून 2026 को युवक की रिहाई के समय जेल प्रशासन ने उसकी चिकित्सकीय जांच नहीं कराई। स्वास्थ्य से संबंधित जरूरी प्रक्रिया भी पूरी नहीं की गई।
एफआईआर में 19 लोगों के नाम और पद का उल्लेख
शिकायत में जेल के अंदर बंदियों के रूप में पिंटू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबीसर लोहरा, पवन, मंटू, धनेश्वर बधाई, कातिल शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव और पोगो समेत अन्य लोगों के नाम दर्ज हैं। इसके अलावा वार्ड इंचार्ज, सिंह नाम के एक पुलिसकर्मी, संतोष उरांव, जेल अधीक्षक और जेल अस्पताल के मेडिकल अधिकारी को भी आरोपी बनाया गया है। शिकायतकर्ता ने जेल के मेडिकल स्टाफ की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।
खेलगांव थाना में इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
खेलगांव थाना में प्राथमिकी संख्या 0066/2026 के तहत 12 नवंबर 2026 को शाम 6:05 बजे मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2), 351, 352 और 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच का जिम्मा पुलिस अवर निरीक्षक मनीष शिवम को सौंपा गया है। एफआईआर में शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जेल के अंदर हुई कथित घटनाओं में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।






