लातेहार में नहाय-खाय के साथ छठ शुरू, घाटों पर रोशनी और गंगा आरती की तैयारी

लातेहार : लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। छठ को लेकर जिलेभर में तैयारी पूरी कर ली गई है। शहर से लेकर गांव तक नदी, तालाब और दूसरे जलाशयों के घाटों की अच्छे से साफ-सफाई कर सजाया-संवारा गया

नहाय-खाय
सब्जी विक्रेता ने श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क कद्दू का वितरण किया।

अपनी भाषा में पढ़ें

लातेहार : लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। छठ को लेकर जिलेभर में तैयारी पूरी कर ली गई है। शहर से लेकर गांव तक नदी, तालाब और दूसरे जलाशयों के घाटों की अच्छे से साफ-सफाई कर सजाया-संवारा गया है। कहीं घाटों पर सफाई की गई है, तो कहीं रोशनी और सजावट का इंतजाम किया गया है। नहाय-खाय के दिन व्रतियों ने सुबह स्नान कर पूरे नेम-धरम और पवित्रता के साथ कद्दू-भात खाया। इसी के साथ चार दिन तक चलने वाला छठ महापर्व शुरू हो गया।

Read More : खलारी छठ पूजा : सूप-दउरा से नारियल तक, जानें बाजार में क्या है भाव

सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन

छठ के दूसरे दिन शनिवार को व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को खरना करेंगे। इस दौरान गुड़ की खीर, रोटी और अन्य प्रसाद ग्रहण करने के बाद उनका 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए श्रद्धालु शाम को पूजा सामग्री और फल से सजे सूप-दउरा लेकर छठ घाट पहुंचेंगे। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती पारण कर अपना व्रत पूरा करेंगे।

चाणक्य नगरी छठ घाट पर होगी विशेष व्यवस्था

छठ पूजा को लेकर लातेहार के श्री सूर्यनारायण छठ पूजा समिति ने चाणक्य नगरी स्थित घाट पर विशेष तैयारियां की हैं। यह घाट जिले में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। यहां उपायुक्त संदीप कुमार और एसपी कुमार गौरव अपने परिवार के साथ भगवान सूर्य की उपासना करेंगे। समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आकर्षक लाइटिंग, स्नानागार, बिजली और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की हैं।

इसके अलावा घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन भी किया जाएगा। समिति ने व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के करमाचूंआ और पप्पू कल छठ घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। इन घाटों पर साफ-सफाई के साथ आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। ग्रामीण इलाकों में भी छठ पूजा को लेकर उत्साह है। गांवों में ग्रामीणों और पूजा समितियों के सहयोग से घाटों की सफाई और सजावट का काम पूरा कर लिया गया है।

एसएसबी जवानों ने श्रमदान कर की घाटों की सफाई

छठ महापर्व को लेकर घाटों की साफ-सफाई में सुरक्षा बल के जवानों ने भी भागीदारी निभाई। एसएसबी कमांडेंट राजेश कुमार के निर्देश पर एसएसबी के अधिकारी और जवान श्रमदान अभियान में जुटे। जवानों ने स्टेशन रोड, चाणक्य नगरी और करमाचूंआ छठ घाट पर सफाई की। इस दौरान उन्होंने घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में योगदान दिया।

श्रद्धालुओं के बीच 221 किलो कद्दू का निःशुल्क वितरण

नहाय-खाय में कद्दू-भात के विशेष महत्व को देखते हुए धर्मपुर के सब्जी विक्रेता उपेंद्र गुप्ता ने श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क कद्दू बांटे। उन्होंने कुल 2 क्विंटल 21 किलो यानी 221 किलो कद्दू का वितरण किया। उपेंद्र गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और सेवा का प्रतीक है। इसी भावना से उन्होंने पहली बार निःशुल्क कद्दू वितरण की शुरुआत की है। आने वाले वर्षों में भी इस तरह का सहयोग जारी रखेंगे।

व्रतियों को नहीं होगी कोई परेशानी : सुरेंद्र सिंह

श्री सूर्यनारायण छठ पूजा समिति चाणक्य नगरी के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि छठ पूजा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए स्नानागार, रोशनी, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि घाट को आकर्षक बनाने के साथ स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.