खलारी : लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर खलारी कोयलांचल में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत आज यानी शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई है। व्रती अनुष्ठान की तैयारियों में जुटे हैं। घरों और बाजारों में छठ गीतों की गूंज सुनाई देने लगी है। दूसरी ओर, छठ पूजा समितियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने घाटों की साफ-सफाई और जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। महापर्व को लेकर खलारी के हाट-बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है।
Read More : कल से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा छठ महापर्व, रांची के 72 घाटों पर तैयारी पूरी; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बाजारों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
खलारी के चौक-चौराहों पर पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। सूप, दउरा, टोकरी, नारियल और अन्य पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए श्रद्धालु बाजार पहुंच रहे हैं। गुरुवार को बुकबुका के साप्ताहिक हाट में भी छठ की खरीदारी को लेकर अच्छी चहल-पहल रही। नहाय-खाय के दिन बनने वाले पारंपरिक प्रसाद कद्दू-भात के लिए कद्दू की अच्छी बिक्री हुई।
कद्दू-भात के लिए कद्दू की बढ़ी मांग
छठ पूजा में सूप और दउरा का विशेष महत्व है। यही वजह है कि बुकबुका हाट में इनकी दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ देखने को मिली। हाट में कद्दू 60 रुपये किलो और नारियल 40 रुपये प्रति पीस बिक रहा है। शकरकंद और सिंघाड़ा की कीमत 60 रुपये किलो है, जबकि अलता-पत्ता 10 रुपये में उपलब्ध है। सूप 200 से 250 रुपये जोड़ा बिक रहा है। दउरा की कीमत 600 रुपये से शुरू है, जबकि टोकरी 300 से 450 रुपये तक मिल रही है। वहीं, बांस का पंखा 50 रुपये में बिक रहा है।
पूजन सामग्री की दुकानों पर बढ़ी चहल-पहल
पूजा में इस्तेमाल होने वाला पंचमुखी ढक्कन 250 रुपये में बिक रहा है। वहीं, दीया की कीमत 200 रुपये सैकड़ा है। इसके अलावा सूखे मेवे, धूप, अगरबत्ती और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। बाजार में बढ़ती चहल-पहल से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं।






