रांची : रांची ग्रामीण दुर्गा पूजा समिति ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्गा पूजा उत्सव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न होने पर पूजा समितियों, आयोजकों और प्रशासन के प्रति आभार जताया है। समिति ने कहा कि रांची ग्रामीण क्षेत्र के 18 प्रखंडों में दुर्गा पूजा के साथ रामायण पाठ, रामलीला और रावण दहन जैसे कार्यक्रम स्वच्छ, नशामुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित किए गए। समिति के अध्यक्ष तपेश्वर केशरी, महासचिव बीरेंद्र साहु और कार्यकारी अध्यक्ष रमण साहु ने पूजा समितियों और आयोजकों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से त्योहार भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हुआ।
Read More : बरही चौक पर तेज रफ्तार ट्रक का कहर, मां और बेटे की गई जान
18 प्रखंडों की पूजा समितियों को दिया धन्यवाद
रांची ग्रामीण दुर्गा पूजा समिति ने ग्रामीण क्षेत्रों में पूजा आयोजन से जुड़ी सभी समितियों और आयोजकों के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सभी का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। दुर्गा पूजा के साथ विभिन्न स्थानों पर रामायण पाठ, रामलीला और रावण दहन के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन आयोजनों के दौरान स्वच्छता, नशामुक्त वातावरण, शांति और आपसी भाईचारे बनाए रखने के प्रयासों के लिए समिति ने आयोजकों को धन्यवाद दिया।
जिला प्रशासन और पुलिस की भूमिका की सराहना
समिति ने पूजा की शुरुआत से लेकर समापन तक लगातार अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति भी आभार जताया। इसमें रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी, सदर अनुमंडल दंडाधिकारी राजत कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय और बुंडू के अनुमंडल पदाधिकारी मोहन लाल मरांडी शामिल हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात सभी पुलिस उपाधीक्षकों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और संबंधित थानों के प्रभारियों के योगदान की भी सराहना की गई।
पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और विद्युत विभाग को भी धन्यवाद
रांची ग्रामीण दुर्गा पूजा समिति ने पूजा के दौरान सेवा देने वाले जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के कनिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। समिति ने आयोजन के दौरान सहयोग के लिए विद्युत विभाग को भी धन्यवाद दिया। महासचिव बीरेंद्र साहु की ओर से जारी संदेश में सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया गया।




