रांची : झारखंड की राजधानी रांची में 22 से 24 अक्टूबर तक तीन दिन का राष्ट्रीय प्रदर्शनी स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026 लगाया जाएगा। इसका आयोजन रांची क्लब लिमिटेड में होगा। 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और सांसद आदित्य प्रसाद मिलकर एक्सपो का उद्घाटन करेंगे। इस प्रदर्शनी में सरकारी योजनाओं, विज्ञान के क्षेत्र में हुई तरक्की, नई तकनीकों और देश के विकास की कहानी देखने को मिलेगी। परिचित फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस एक्सपो की पहल सांसद आदित्य प्रसाद ने की है। इसका मकसद आम लोगों को सरकारी योजनाओं, अलग-अलग संस्थानों की उपलब्धियों और देश के विकास के लिए किए जा रहे कामों की जानकारी देना है, ताकि लोग इन योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में जान सकें।
Read More : रांची ग्रामीण में शांतिपूर्ण दुर्गा पूजा संपन्न, समिति ने प्रशासन को सराहा
विकसित भारत @2047 की दिखेगी झलक
स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026 की परिकल्पना विकसित भारत @2047, आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के राष्ट्रीय दृष्टिकोण से प्रेरित है। इस प्रदर्शनी में सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, वैज्ञानिक संस्थानों और विकास संगठनों को एक साझा मंच मिलेगा। यहां विभिन्न संस्थान देश की प्रगति में अपने योगदान, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी देंगे। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को सरकारी पहलों और विकास योजनाओं से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
16 प्रमुख संस्थान और सरकारी संगठनों की होगी भागीदारी
स्वर्णिम भारत एक्सपो में स्वास्थ्य, कृषि, विज्ञान, उद्योग, ऊर्जा, अंतरिक्ष और बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख संस्थान भाग लेंगे। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रदर्शनी में शामिल होने वाले प्रमुख संगठनों में ये नाम शामिल हैं :
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR)
वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR)
कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA)
भारतीय मानक ब्यूरो (BIS)
ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE)
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL)
राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW)
भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास महासंघ (TRIFED)
विकास आयुक्त (हस्तशिल्प)
रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL)
नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (NALCO)
टी बोर्ड इंडिया
एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO)
केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर तथा केंद्रीय उत्पाद शुल्क, रांची
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR)
इसके अलावा अन्य सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और संस्थानों के भी प्रदर्शनी में शामिल होने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य, कृषि से लेकर अंतरिक्ष तकनीक तक की उपलब्धियां
प्रदर्शनी में स्वास्थ्य सेवा, वैज्ञानिक अनुसंधान, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, गुणवत्ता मानक, ऊर्जा दक्षता, कोयला एवं खनिज संसाधन और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी से जुड़ी उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसके साथ ही बुनियादी ढांचे, जनजातीय विकास, महिला सशक्तीकरण, हस्तशिल्प, पारंपरिक उद्योगों और लोक प्रशासन से संबंधित योजनाओं और पहलों की जानकारी भी दी जाएगी। सूचनात्मक स्टॉल, संवादात्मक प्रदर्शन और जागरूकता गतिविधियों के जरिए विभिन्न संगठन आगंतुकों को अपने कार्यों, सेवाओं और नवाचारों से परिचित कराएंगे।
विद्यार्थियों और युवाओं को भी मिलेगा सीखने का अवसर
स्वर्णिम भारत एक्सपो विद्यार्थियों, युवाओं, पेशेवरों, उद्यमियों और आम नागरिकों के लिए उपयोगी मंच होगा। यहां आगंतुक विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों से सीधे जुड़ सकेंगे और सरकारी योजनाओं, वैज्ञानिक उपलब्धियों तथा विकास कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। सांसद आदित्य प्रसाद की परिकल्पना के अनुसार, इस एक्सपो का उद्देश्य सरकारी पहलों को नागरिकों तक पहुंचाना, सार्वजनिक संस्थानों की उपलब्धियों को सामने लाना और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। परिचित फाउंडेशन के मुताबिक, फाउंडेशन सरकारी योजनाओं, नीतियों और विकास पहलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रदर्शनियों और जनसहभागिता कार्यक्रमों का आयोजन करता है। इस एक्सपो के जरिए सरकारी संस्थानों और नागरिकों के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।




