नई दिल्ली : भारतीय वायुसेना को जल्द नया प्रमुख मिलने वाला है। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर से वायुसेना प्रमुख का पद संभालेंगे और 31 दिसंबर 2028 तक इस पद पर रहेंगे। आशुतोष दीक्षित फिलहाल वायुसेना के उप प्रमुख के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने 1 जुलाई 2026 को उप प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली थी। वह मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह की जगह लेंगे। अमर प्रीत सिंह ने 30 सितंबर 2024 को वायुसेना प्रमुख का पद संभाला था और 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे।
Read More : IND vs WI T20 मैच को लेकर रांची में ट्रैफिक रूट बदला, जानें नियम
तेजस समेत स्वदेशी विमान परियोजनाओं में अहम भूमिका
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस और वायुसेना की दूसरी स्वदेशी विमान परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका के लिए जाना जाता है। उनकी नियुक्ति के बाद वायुसेना में स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भरता पर जोर और बढ़ने की उम्मीद है। आशुतोष दीक्षित 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की लड़ाकू शाखा में शामिल हुए थे। उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, बांग्लादेश के रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज और राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय से शिक्षा हासिल की है।
3,500 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव
एयर मार्शल दीक्षित के पास 3,500 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव है। अपने लंबे करियर में उन्होंने मिराज-2000, मिग के अलग-अलग संस्करण, जगुआर, तेजस, हॉक, आईएल-78, एएन-32, एवरो, किरण और एचपीटी-32 समेत कई तरह के विमानों को उड़ाया है। 31 अक्टूबर को पदभार संभालने के बाद एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना की कमान संभालेंगे और दिसंबर 2028 तक इस पद पर रहेंगे।




