नई दिल्ली : चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर INDIA ब्लॉक के सांसद आज यानी मंगलवार को दिल्ली की सड़कों पर उतर आए। विपक्षी सांसद संसद से चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकाल रहे थे, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही मार्च रोक दिया। इसके बाद सांसद वहीं धरने पर बैठ गए। विपक्षी सांसदों की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेता मौजूद रहे। पुलिस ने मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया और बाद में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। बाद में दोनों को रिहा भी कर दिया गया।
Read More : हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी छोड़ी, बोलीं- कैप्टनसी खत्म, सफर अभी जारी है
आकाशवाणी भवन पहुंचे राहुल-प्रियंका
मार्च रोके जाने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन परिसर की तरफ पहुंचे। दोनों नेता चुनाव आयोग के कार्यालय तक जाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ दूसरे विपक्षी सांसद भी मौजूद थे। इससे पहले पुलिस ने संसद से चुनाव आयोग की तरफ जा रहे विपक्षी सांसदों को नीति आयोग और आकाशवाणी भवन के बीच रोक दिया था। इसके बाद विपक्षी सांसदों ने सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया।
#WATCH | Delhi | Amid INDIA bloc MPs protest, LoP, Lok Sabha, Rahul Gandhi and Congress MP Priyanka Gandhi Vadra sit inside Akashvani Bhavan premises https://t.co/WoGSY9NFGs
— ANI (@ANI) October 6, 2026
जोतिमणि बोलीं- CEC को जाना होगा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद जोतिमणि ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि वह लाठी और गोलियां तक झेलने को तैयार हैं, लेकिन चुनाव आयुक्त को हटाकर रहेंगी। जोतिमणि ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनावी प्रक्रिया और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि INDIA ब्लॉक का विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती।
जयराम रमेश बोले- यह आंदोलन की शुरुआत
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि विपक्षी दलों ने शांतिपूर्ण मार्च निकाला था। उनका कहना है कि मार्च चुनाव आयोग के कार्यालय तक जाना था, लेकिन पुलिस ने आकाशवाणी भवन और पुराने योजना आयोग भवन के बीच इसे रोक दिया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन की शुरुआत है। जयराम रमेश के मुताबिक, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली होगी। इसके अलावा अलग-अलग ब्लॉक में पदयात्रा और जनसभाएं भी आयोजित की जाएंगी।
पप्पू यादव ने लगाया वोट चोरी का आरोप
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने प्रदर्शन के दौरान वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विरोध करना जरूरी है, क्योंकि वोटों की चोरी हो रही है। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि फॉर्म-6 के जरिए RSS-भाजपा को फायदा पहुंचाया गया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए इस मुद्दे पर विरोध जारी रखने की बात कही।
खरगे ने सरकार को घेरा
INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन देश के युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के अधिकारों से जुड़ा है। खरगे ने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अपने अधिकारों के लिए चुप नहीं बैठेगी। खरगे ने सरकार से तुरंत पद छोड़ने की मांग की और कहा कि ऐसा नहीं होने पर देशभर में बड़ा विरोध होगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर नौ राज्यों की विधानसभा भंग हो सकती है तो यहां की व्यवस्था भी भंग होनी चाहिए।
अखिलेश यादव बोले- सपा कार्यकर्ता संघर्ष से नहीं डरते
प्रदर्शन में शामिल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग संघर्ष और मेहनत से कभी नहीं डरते। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी घबराई हुई है, इसलिए यहां पुलिस के बैरिकेड लगाए गए हैं। उन्होंने उपचुनाव को लेकर भी बीजेपी पर आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने कहा कि PDA बीजेपी को हराएगा।
अरविंद सावंत ने बताईं तीन मांगें
शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत ने प्रदर्शन के दौरान विपक्ष की तीन प्रमुख मांगें बताईं। उनके मुताबिक पहली मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की है। दूसरी मांग चुनाव बैलेट पेपर से कराने की है। तीसरी मांग SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए सभी लोगों के नाम दोबारा शामिल करने की है। अरविंद सावंत ने कहा कि विपक्ष इन मांगों को लेकर चुनाव आयोग के सामने अपनी बात रखने के लिए प्रदर्शन कर रहा है।





