पूर्वी सिंहभूम : शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों, सड़क दुर्घटनाओं और अवैध कारोबार को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष आनंद बिहारी दूबे के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विधि-व्यवस्था में सुधार के साथ अवैध लॉटरी, सट्टेबाजी, जुआ और नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की और SSP को मांग पत्र सौंपा।
Read More : ममता बनर्जी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट का निर्देश, 3 महीने में हो फैसला
अपराधियों पर सख्ती के साथ नागरिकों से संवेदनशील व्यवहार की मांग
आनंद बिहारी दूबे ने कहा कि अपराधियों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। हालांकि, कार्रवाई के दौरान निर्दोष नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार या अनावश्यक बल प्रयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखना जरूरी है। नागरिक पुलिस को सुरक्षा और सहयोग के प्रतीक के रूप में देखें, इसके लिए पुलिस की कार्यप्रणाली में संवेदनशीलता जरूरी है। प्रतिनिधिमंडल ने अपराध प्रभावित क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी मजबूत करने की मांग की। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का भी आग्रह किया गया। इसके अलावा अवैध लॉटरी, सट्टेबाजी, जुआ और नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़ी शिकायतों की गोपनीय जांच के लिए विशेष टीम गठित करने की मांग की गई।
पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा का आग्रह
कांग्रेस नेताओं ने आम नागरिकों के साथ अनावश्यक बल प्रयोग की शिकायतों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग भी की। आनंद बिहारी दूबे ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली में संवेदनशीलता जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ऐसी व्यवस्था विकसित करे, जिसमें अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रतिनिधिमंडल में युवा कांग्रेस के सन्नी सिंह, निखिल तिवारी, NSUI अध्यक्ष सचिन सिंह, कांग्रेस नेता जसवंत सिंह जस्सी, गुरदीप सिंह कक्के, सुशील घोष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे




