गिरिडीह : झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्धकर्म के अवसर पर गुरुवार को गिरिडीह के हरसिंगरायडीह स्थित उत्सव उपवन में उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कृषि मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की, दीपिका सिंह पांडेय, डॉ. इरफान अंसारी, हफीजुल हसन और चमरा लिंडा समेत राज्य के कई मंत्रियों, सांसदों व विधायकों ने दिवंगत नेता की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों और आम समर्थकों की भारी उपस्थिति रही।
Read More : पाकुड़ में अवैध खनन मामले की जांच, ACB की टीम ने किया निरीक्षण
सीएम सोरेन ने परिजनों से मुलाकात कर जताया शोक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गिरिडीह पहुंचकर दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी, बेटे और बेटी से मुलाकात की। सीएम ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि सरकार और वे व्यक्तिगत रूप से दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ मुस्तैदी से खड़े हैं। उल्लेखनीय है कि सीएम सोरेन की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन एक दिन पूर्व बुधवार को ही गिरिडीह पहुंच गई थीं।

5-6 सितंबर की रात हुआ था निधन
दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन 5 और 6 सितंबर 2026 की मध्य रात को हुआ था। गुरुवार को आयोजित उनके श्राद्धकर्म के दौरान माहौल अत्यंत गमगीन रहा और उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों के DC और अलग-अलग सरकारी विभागों के वरीय अधिकारियों ने भी शामिल होकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।




