गुमला : गुमला जिले के भरनो थाना इलाके में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक गाड़ी से AK-47 और कार्बाइन बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को भी पकड़ा है, जिससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इनका इस्तेमाल कहां किया जाना था। गुमला के एसपी हारिश बिन जमां ने हथियार बरामद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हथियारों के साथ एक युवक भी पकड़ा गया है। उससे पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
Read More : रामगढ़ में होमगार्ड भर्ती परीक्षा स्थगित, प्रशासन ने बताई वजह
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
मिली जानकारी के अनुसार एसपी को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी शुरू की। इसी दौरान एक वाहन से एक AK-47 और एक कार्बाइन बरामद की गई। पुलिस ने मौके से एक युवक को भी हिरासत में लिया।
भरनो और सिसई पुलिस कर रही जांच
मामले की जांच में भरनो और सिसई थाने की पुलिस संयुक्त रूप से जुटी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और युवक की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि धान की कटाई के दौरान खेतों में हथियार छिपाने या उनका इस्तेमाल करने की कोई योजना थी या नहीं। पुलिस हथियारों के स्रोत और संभावित आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
शाम को विस्तृत जानकारी देगा पुलिस प्रशासन
एसपी हारिश बिन जमां के मुताबिक, फिलहाल युवक से पूछताछ जारी है। हथियार कहां से लाए गए थे और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी शाम को दी जाएगी।



