रांची: दीपावली एवं लोक आस्था के छठ महापर्व के मौके पर पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर में 5 नवंबर, गुरुवार को अपराह्न 4 बजे से शाम 5:30 बजे तक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर परम पूज्य परमहंस डॉ. संत शिरोमणि श्री श्री 108 स्वामी सदानंद जी महाराज के आशीष वचन एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होंगे।
एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की जानकारी ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के संस्थापक स्वामी सदानंद जी महाराज अपने आध्यात्मिक, प्रेरणादायी एवं कल्याणकारी आशीष वचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, प्रेम, सेवा, सदाचार, परोपकार तथा मानव कल्याण का संदेश देंगे।
महाराज जी श्रद्धालुओं को जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने, जरूरतमंदों की सेवा करने और समाज में प्रेम एवं सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देंगे। इस अवसर पर स्वामी सदानंद जी महाराज मंदिर के द्वितीय तल पर संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में निवास कर रहे मंदबुद्धि, दिव्यांग, असहाय एवं निराश्रित प्रभुजनों के साथ भी दीपावली का पावन पर्व मनाएंगे।
उनके साथ खुशियां साझा कर उन्हें अपनत्व, सम्मान और स्नेह प्रदान किया जाएगा। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर महाराज जी के आशीर्वचन का लाभ लेने एवं प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया गया है।
also read : पुलिस थानों में सीसीटीवी लगाने के टेंडर के टेक्निकल बीड को 20 नवंबर तक फाइनल करे सरकार: हाईकोर्ट



