नई दिल्ली : दिवाली से पहले अमूल ने ग्राहकों को महंगाई का जोरदार झटका दे दिया है। कंपनी ने घी और मक्खन के दाम बढ़ा दिए हैं। अब अमूल का 1 किलो घी खरीदने के लिए 630 रुपये की जगह 680 रुपये खर्च करने होंगे। वहीं, 100 ग्राम मक्खन का पैकेट भी 63 रुपये के बजाय 66 रुपये में मिलेगा। बता दें कि सितंबर 2025 में GST की दरें घटने के बाद अमूल ने अपने करीब 700 डेयरी उत्पादों के दाम कम किए थे। लेकिन अब कंपनी ने घी और मक्खन की कीमतें फिर से बढ़ा दी हैं। ऐसे में नई कीमतें लागू होने के बाद ग्राहकों की जेब पर पहले से ज्यादा बोझ पड़ने वाला है।
अमूल घी और मक्खन की नई कीमतें
अमूल ने घी और मक्खन के अलग-अलग पैक की कीमतों में बढ़ोतरी की है। 1 किलो घी का पैक 50 रुपये महंगा हो गया है। वहीं, 500 ग्राम शुद्ध घी के पाउच की कीमत में 20 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। मक्खन के 100 ग्राम पैक पर 3 रुपये और 500 ग्राम पैक पर 15 रुपये बढ़ाए गए हैं। नई कीमतों के मुताबिक, अब ग्राहकों को इन उत्पादों के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे।
| अमूल प्रोडक्ट | पुरानी कीमत | नई कीमत | बढ़ोतरी |
|---|---|---|---|
| घी (1 किलो पैक) | ₹630 | ₹680 | ₹50 |
| शुद्ध घी (500 ग्राम पाउच) | ₹325 | ₹345 | ₹20 |
| मक्खन (100 ग्राम पैक) | ₹63 | ₹66 | ₹3 |
| मक्खन (500 ग्राम पैक) | ₹310 | ₹325 | ₹15 |
जीएसटी घटने के बाद अमूल ने कम किए थे दाम
सितंबर 2025 में जीएसटी की दरें घटने के बाद अमूल ने अपने करीब 700 डेयरी उत्पादों की कीमतों में कटौती की थी। उस समय कंपनी ने 1 लीटर घी का पैक 650 रुपये से घटाकर 610 रुपये कर दिया था। इसी तरह, 5 लीटर घी के टिन की कीमत 3,275 रुपये से कम करके 3,075 रुपये कर दी गई थी। 100 ग्राम मक्खन का पैक 62 रुपये से घटकर 58 रुपये और 500 ग्राम मक्खन का पैक 305 रुपये से कम होकर 285 रुपये का हो गया था।
गुजरात में अमूल घी और मक्खन के स्टॉक पर असर
अमूल के घी और मक्खन की कीमतें बढ़ने के साथ ही गुजरात में इनकी उपलब्धता को लेकर भी परेशानी सामने आने लगी है। वडोदरा और अहमदाबाद के दुकानदारों का कहना है कि बाजार में अमूल घी का स्टॉक कम हो रहा है। खासतौर पर अमूल काउ घी की उपलब्धता पर असर पड़ा है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, दुकानदारों का कहना है कि गणेश उत्सव के बाद घी की मांग बढ़ने से सप्लाई प्रभावित हुई है। मंगलवार को अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके में स्थित डी-मार्ट स्टोर में अमूल घी और मक्खन का स्टॉक खत्म हो गया था। यह समस्या केवल गुजरात तक सीमित नहीं है। इससे पहले जुलाई और सितंबर में पुणे और कोलकाता से भी अमूल के डेयरी उत्पादों की सप्लाई में कमी की शिकायतें सामने आई थीं।
नंदिनी दूध की कीमत में भी 8 रुपये की बढ़ोतरी
कर्नाटक सरकार ने 29 अक्टूबर को नंदिनी दूध की कीमत में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी। इसके बाद टोंड दूध का एक लीटर पैक 46 रुपये से बढ़कर 54 रुपये का हो गया। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, बढ़ी हुई कीमत में से 7 रुपये प्रति लीटर सीधे डेयरी किसानों को दिए जाएंगे। बाकी 1 रुपया दूध यूनियन को मिलेगा।



