अहमदाबाद : अहमदाबाद में BJP कार्यालय और सोमनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। खानपुर स्थित भाजपा के पुराने कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंची और परिसर की जांच शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार यह धमकी भरा ईमेल अहमदाबाद नगर पुलिस को मिला है। इसमें खानपुर स्थित भाजपा कार्यालय के अलावा सोमनाथ मंदिर और कोबा स्थित BJP कार्यालय समेत कई अन्य स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
Read More : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 अक्टूबर को आएंगे रांची, IIAB भवन का करेंगे उद्घाटन
पुलिस और बम निरोधक टीम की जांच
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम खानपुर स्थित BJP कार्यालय पहुंची। अहमदाबाद अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कार्यालय परिसर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान नगर महापौर हितेश बरोट और भाजपा नगर महासचिव उमंग नायक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सोमनाथ मंदिर और कोबा स्थित BJP कार्यालय में भी सुरक्षा जांच शुरू कर दी है।
ईमेल में CM और एजेंसियों को निशाना बनाने का दावा
पुलिस को मिले ईमेल में सोमनाथ मंदिर के साथ गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल, BJP कार्यालय, पुलिसकर्मियों और रॉ एजेंसी को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ईमेल में अलग-अलग स्थानों पर बम लगाए जाने का दावा किया गया है। धमकी भरे संदेश में ‘हिंदुस्तान मुर्दाबाद’ और ‘भाजपा मुर्दाबाद’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा पाकिस्तान जिंदाबाद और खालिस्तान जिंदाबाद जैसे नारे भी लिखे गए हैं।
पुलिस का बयान
एसीपी अद्वैत गांधी ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे गांधीनगर स्थित राज्य खुफिया ब्यूरो से सूचना मिली थी। अलर्ट मिलने के बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) ने कार्यालय की पूरी तरह से जांच की। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर जरूरी सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है और फिलहाल स्थिति सामान्य है। ईमेल के स्रोत और वास्तविकता का पता लगाया जा रहा है, और अभी तक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।









