रांची: रांची के प्रमुख बाजारों को आधुनिक और व्यवस्थित रूप देने की तैयारी तेज हो गई है। रांची नगर निगम ने डेली मार्केट, न्यू मार्केट, अपर बाजार, खादगढ़ा और बकरी बाजार के सुनियोजित पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण की दिशा में पहल शुरू की है। मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में एनबीसीसी (National Buildings Construction Corporation Limited) के अधिकारियों ने प्रमुख बाजार क्षेत्रों के प्रस्तावित लेआउट और डिजाइन का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। बैठक में पहले हुई चर्चाओं और दुकानदारों के साथ हुई बैठकों में मिले सुझावों को भी शामिल किया गया। प्रस्तावित योजनाओं में आधुनिक व्यावसायिक परिसर के साथ मल्टी-लेवल पार्किंग, बेहतर यातायात प्रबंधन, सुगम आवागमन, स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है।
डेली मार्केट से खादगढ़ा तक ये हैं प्रस्ताव
एस.के. सहाय डेली मार्केट, मेन रोड: करीब 2.16 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक व्यावसायिक और पार्किंग सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इसमें पार्किंग के लिए G+4 संरचना और दो कमर्शियल-कम-होटल भवनों का प्रावधान रखा गया है। न्यू मार्केट, रातू रोड: करीब 1.71 एकड़ के त्रिकोणीय भू-भाग में आधुनिक दुकान एवं कार्यालय परिसर विकसित करने की योजना है। इसके लिए G+3+B संरचना के तहत व्यावसायिक परिसर का प्रस्ताव दिया गया है।
खादगढ़ा बस स्टैंड: करीब 1 एकड़ भूमि पर आधुनिक कमर्शियल-कम-होटल भवन विकसित करने का प्रस्ताव सामने आया है।
बकरी बाजार: नगर निगम की भूमि पर आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित करने के लिए डिजाइन तैयार करने का निर्देश दिया गया है। प्रस्ताव में अपर बाजार क्षेत्र में नगर निगम की दुकानों के पूर्व आवंटनधारियों को प्राथमिकता देने की बात भी शामिल है।
छोटे-बड़े सभी दुकानदारों की जरूरतों पर फोकस
नगर निगम के अनुसार, बाजारों के पुनर्विकास की योजना बनाते समय छोटे, मध्यम और बड़े सभी दुकानदारों की व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखा जा रहा है। दुकानों का आकार, संरचना और उपलब्ध स्थान इस तरह निर्धारित करने की कोशिश है कि व्यापारियों को उनके कारोबार के अनुरूप व्यावहारिक जगह मिल सके। प्रस्तावित डिजाइन में ग्राहकों की आवाजाही, दुकान संचालन, माल रखने की सुविधा और भविष्य में कारोबार के विस्तार जैसी जरूरतों को भी शामिल किया जा रहा है। इसका उद्देश्य व्यापारियों की सुविधा और नागरिकों के बेहतर बाजार अनुभव के बीच संतुलन बनाना है।
अंतिम फैसला कई दौर की चर्चा के बाद
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने प्रस्तावित लेआउट और डिजाइन का अवलोकन करते हुए आवश्यक व्यावहारिक बदलाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों के पुनर्विकास में पार्किंग, यातायात व्यवस्था, सुगम आवागमन और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभिन्न स्तरों से अभी भी सुझाव प्राप्त हो रहे हैं और कई चरणों की बैठकों के बाद ही योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। किसी भी प्रस्ताव को मंजूरी देने से पहले संबंधित हितधारकों के साथ आवश्यक विमर्श किया जाएगा तथा परियोजनाओं के तकनीकी, वित्तीय और व्यावहारिक पहलुओं की जांच की जाएगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि बाजारों का विकास केवल मौजूदा जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि भविष्य में बढ़ती आबादी, व्यापारिक गतिविधियों और यातायात के दबाव को देखते हुए किया जाना चाहिए। व्यापारियों, नागरिकों और शहर के समग्र हित को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को अंतिम रूप देने की दिशा में काम किया जा रहा है। नगर निगम के मुताबिक, यह पुनर्विकास रांची के व्यवस्थित और टिकाऊ शहरी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है। आधुनिक आधारभूत ढांचे के साथ बेहतर पार्किंग, सुगम यातायात, स्वच्छता, नागरिक सुविधाएं और व्यवस्थित व्यापारिक स्थान उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। बैठक में सहायक नगर निवेशक, रांची नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी और एनबीसीसी के अधिकारी मौजूद रहे।








