गुमला : गुमला में चोरों ने अब सरकारी स्कूल को भी नहीं छोड़ा। करमटोली मैदान स्थित राजेंद्र अभ्यास मध्य विद्यालय के रसोई घर का ताला तोड़कर चोर दो गैस सिलेंडर और एक कटर मशीन लेकर चंपत हो गए। घटना का पता चलते ही स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
Read More : रांची में धनतेरस पर कैसा रहेगा मौसम? जानें पूर्वानुमान
सुबह स्कूल पहुंचे शिक्षक तो टूटा मिला रसोई घर का ताला
मिली जानकारी के अनुसार विद्यालय के प्रभारी शिक्षक शिव शंकर गोप, निवासी लक्ष्मण नगर, ने गुमला थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के मुताबिक, 2 नवंबर की सुबह जब प्रभारी शिक्षक विद्यालय पहुंचे, तो रसोई घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर दो गैस सिलेंडर और एक कटर मशीन गायब मिले।
पुलिस से चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रभारी शिक्षक ने पुलिस को इसकी सूचना दी। उन्होंने अज्ञात चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



