रांची : राजधानी रांची में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 से 6 नवंबर तक शहर में मौसम साफ रहने वाला है। धनतेरस के दिन भी बारिश के आसार नहीं हैं, जिससे लोगों को त्योहार की खरीदारी करने में कोई परेशानी नहीं होगी। हालांकि, सुबह-सुबह धुंध और कुहासा छाया रह सकता है। दिन में धूप निकलने से मौसम सुहाना रहेगा, लेकिन शाम होते ही तापमान गिरने लगेगा और ठंड का एहसास बढ़ जाएगा।
Read More : हजारीबाग में NIA की छापेमारी, दो रिश्तेदारों के घरों में जांच
चार नवंबर को सुबह धुंध, दिन में खिलेगी धूप
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार यानी 4 नवंबर को रांची जिले के कई इलाकों में सुबह धुंध देखने को मिल सकती है। इसके बाद दिन में आसमान आंशिक रूप से साफ रहने की संभावना है। धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन शाम ढलने के साथ मौसम में ठंडक बढ़ने लगेगी। इस दिन अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पांच नवंबर को भी सुबह रहेगा कुहासा, तापमान में आएगी गिरावट
गुरुवार, 5 नवंबर को भी मौसम में बदलाव का असर दिखाई देगा। सुबह के समय धुंध या कुहासा छाया रह सकता है, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ हो जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दिन रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। यानी न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट आने का अनुमान है।
धनतेरस पर कैसा रहेगा रांची का मौसम?
शुक्रवार, 6 नवंबर को धनतेरस का पर्व मनाया जाएगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, त्योहार के दिन भी राजधानी में मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। सुबह के समय धुंध या कुहासा छाने की संभावना है, लेकिन इसके बाद आसमान साफ हो सकता है। धनतेरस पर बारिश का कोई अनुमान नहीं है। इस दिन अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। चार से छह नवंबर के बीच रांची के न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल सकती है। दिन में धूप के कारण मौसम सुहाना रहेगा, जबकि सुबह और शाम के समय लोगों को ठंड महसूस होगी।



