खूंटी : वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की खूंटी इकाई ने सोमवार को बिरसा कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और शैक्षणिक परिसर के प्रति कर्तव्यबोध को मजबूत करना रहा।
Read More : खूंटी में 100 बच्चों को फूड प्वाइजनिंग, अस्पताल पहुंचा कांग्रेस दल
विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और कॉलेज परिसर की साफ-सफाई की। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। साथ ही परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
रानी दुर्गावती की वीरता को किया याद
प्रकाश टुटी ने कहा कि रानी दुर्गावती वीरता, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रतीक थीं। उनकी जयंती पर कॉलेज परिसर की स्वच्छता का संकल्प लेना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित नहीं है। उन्हें समाज और आसपास के वातावरण को बेहतर बनाने में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। प्रकाश टुटी ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है। स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण विद्यार्थियों के अध्ययन के साथ उनके संस्कार और जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रहित और सामाजिक सरोकार से जुड़े ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखेगी।
बड़ी संख्या में विद्यार्थी हुए शामिल
स्वच्छता अभियान में परिषद के कार्यकर्ता राजदीप गुप्ता, सुखराम हेम्ब्रोम, अनीश महतो समेत बिरसा कॉलेज के बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।





