खूंटी : कर्रा प्रखंड के तिलमी स्कूल के करीब 100 बच्चे एजुकेशनल ट्रिप के दौरान फूड प्वाइजनिंग की चपेट में आ गए। बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी चिकित्सक डॉ. झा से मुलाकात कर बच्चों के स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इलाजरत बच्चों और उनके अभिभावकों से भी मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत
प्रभारी चिकित्सक डॉ. झा ने बताया कि बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सभी बच्चों का समुचित उपचार किया जा रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। कुछ बच्चों का इलाज गांव में भी किया जा रहा है।
भोजन को लेकर सतर्कता की अपील
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने घटना को चिंताजनक बताया। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों से सावधानी बरतने की अपील की। रवि मिश्रा ने कहा कि एजुकेशनल ट्रिप के दौरान भोजन को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। मौके पर विलसन तोपनो, ऋतुराज झा, अजय किशोर मुंडा, विक्रम नाग, अल्बर्ट तिग्गा, एलेक्सियूस परधिया, अनमोल होरो, शशिकांत होरो और अब्बास सहित अन्य मौजूद थे।





