रांची। झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन और सहकारिता मंत्री  श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की से युवा कांग्रेस महासचिव एवं रांची विधानसभा प्रभारी  रोहित सिन्हा ने मुलाकात कर राज्य में कृषि एवं किसानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा की।
मुलाकात के दौरान श्री सिन्हा ने कृषि मंत्री शिल्पी  द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृषि के प्रति मंत्री की सक्रियता, किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना तथा उनके समाधान की दिशा में लगातार प्रयास करना सराहनीय है।
 कहा कि झारखंड की बड़ी आबादी कृषि पर निर्भर है और किसानों को मजबूत किए बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, सिंचाई, बेहतर बाजार व्यवस्था, कृषि उत्पादों का उचित मूल्य तथा युवाओं को कृषि से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने कहा  कृषि विभाग द्वारा किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और कृषि व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से आने वाले समय में झारखंड के किसानों को और मजबूती मिलेगी। मुलाकात के दौरान रांची विधानसभा क्षेत्र सहित राज्य के किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी मंत्री के समक्ष रखा गया।
कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहकारिता विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। सहकारी समितियों को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाया जाए, ताकि किसानों को बीज, खाद, कृषि उपकरण, ऋण एवं अपनी उपज के बेहतर बाजार जैसी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।उन्होंने कृषि मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की से आग्रह किया कि सहकारिता विभाग के माध्यम से किसानों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) को और मजबूत करने की दिशा में विशेष पहल की जाए।
कृषि, पशुपालन और सहकारिता मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि किसानों का हित और कृषि क्षेत्र का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में है। झारखंड के किसानों को बेहतर सुविधाएं, उचित सहयोग और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस द्वारा किसानों से जुड़े मुद्दों को सामने लाना सकारात्मक पहल है। सरकार जनप्रतिनिधियों, संगठनों और आम लोगों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कृषि क्षेत्र को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।