बोकारो: चास के शिव शक्ति कोलोनी में फेरी वाले बनकर पहुंचे बदमाशों ने ने एक बुजुर्ग महिला को कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और उनके जेवर लेकर फरार हो गए।घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या 17 के नाला रोड निवासी 80 वर्षीय राम पुकार राम अपनी 68 वर्षीय पत्नी हीरामणि देवी के साथ मकान के निचले हिस्से में रहते हैं। मकान के ऊपरी तल पर उनकी बेटी रहती है।
बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच दो-तीन लोग आयुर्वेदिक चाय पत्ती बेचने के बहाने उनके घर पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने हीरामणि देवी को चाय पत्ती मुंह में रखने को कहा। महिला के मुंह में चाय पत्ती रखने के कुछ देर बाद वह कथित तौर पर बेहोश हो गईं। इसी दौरान बदमाशों ने उनके कान की दोनों बालियां और मंगलसूत्र उतार लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के समय उनकी बेटी बाथरूम में नहाने गई हुई थी।
पड़ोस में भी की गई थी कोशिश
स्थानीय लोगों के अनुसार, संदिग्धों ने इससे पहले पड़ोस में रहने वाली रामवती देवी को भी इसी तरह अपना निशाना बनाने का प्रयास किया था। हालांकि, उस समय उनका बेटा घर में मौजूद था, जिसके कारण बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।
घटना के बाद सामने आया है कि संदिग्धों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सूचना मिलने पर चास पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।






