सुल्तानगंज : करम पर्व की खुशियां सोमवार सुबह अचानक मातम में बदल गईं। सुलतानगंज थाना क्षेत्र के उधाडीह पंचायत के तरैटा बहियार में पोखर में नहाने गये छह बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां हैं। सभी की उम्र करीब 10 से 12 साल बताई जा रही है। बताया गया कि बच्चे करमा-धरमा पर्व के मौके पर पोखर में स्नान करने पहुंचे थे।
इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरे बच्चे भी पानी में उतर गये। देखते ही देखते छह बच्चे गहरे पानी में समा गये। हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को बाहर निकाला गया। उन्हें सुलतानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
मृतकोंं की पहचान ज्योति कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, आयुष कुमार, राहुल कुमार, पूजा कुमारी और विकास कुमार के रूप में हुई है। इनमें पांच बच्चे विष्णुटोला, सुलतानगंज के वार्ड 27 के रहने वाले थे, जबकि ज्योति कुमारी सबौर के रजंदीपुर की निवासी थी। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया गया है। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पर्व के गीतों की जगह अब छह घरों से उठ रही चीखें हैं। एक साथ छह बच्चों की मौत से पूरा इलाका गहरे सदमे में है।








