मनोरंजन डेस्क : लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के दर्शकों का इंतजार खत्म होने वाला है। सीरीज का पांचवां सीजन 3 दिसंबर 2026 को रिलीज होगा। एक बार फिर दर्शकों को फुलेरा गांव और सबके चहेते सचिव जी की दुनिया देखने को मिलेगी। इस बार कहानी में गांव की राजनीति, नए समीकरण और सत्ता की खींचतान देखने को मिलेगी। ‘पंचायत सीजन 5’ का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। दीपक कुमार मिश्रा इसके निर्देशक हैं। सीरीज की कहानी दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने लिखी है। इस सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक समेत पूरी पुरानी कलाकारों की टोली अपने-अपने किरदारों में नजर आएगी। सीरीज का प्रीमियर प्राइम वीडियो पर भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में होगा।
View this post on Instagram
नए प्रधानपति बनकर सामने आएंगे बनराकस
पंचायत के नए सीजन में फुलेरा की राजनीति एक नया मोड़ लेने वाली है। गांव को नया मुखिया मिल गया है और अब सबकी नजरें नए प्रधानपति बनराकस पर टिकी हैं। दर्शकों के मन में सवाल है कि बनराकस प्रधानपति बनने के बाद फुलेरा के लिए क्या योजनाएं बनाएंगे? क्या वह गांव की तस्वीर बदल पाएंगे या उनके वादे भी केवल दिखावा साबित होंगे? नए सत्ता समीकरण के बीच गांव में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता, बदलते रिश्ते और कई अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिलेंगे। इसके साथ ही सीरीज में पहले की तरह हल्का-फुल्का हास्य, भावुक पल और गांव की रोजमर्रा की जिंदगी भी कहानी का हिस्सा होंगे।
प्राइम वीडियो ने बताया क्यों खास है पंचायत
प्राइम वीडियो इंडिया में SVOD कंटेंट एक्विजिशन के डायरेक्टर और हेड मनीष मेंघानी ने कहा कि कुछ कहानियां समय के साथ लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन जाती हैं। ‘पंचायत’ भी ऐसी ही एक सीरीज है। उन्होंने कहा कि पिछले चार सीजन में फुलेरा और वहां के किरदारों ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। इस कहानी ने लोगों को हंसाया है और उनसे भावनात्मक जुड़ाव बनाया है। भारत की सबसे सफल और लोकप्रिय सीरीज में से एक के पांचवें सीजन के साथ लौटने पर प्राइम वीडियो को गर्व है।
TVF ने प्राइम वीडियो का जताया आभार
द वायरल फीवर (TVF) के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने कहा कि ‘पंचायत’ अब केवल एक सीरीज नहीं रह गई है। फुलेरा और वहां के लोगों को दर्शकों से जो प्यार मिला है, वह शानदार है। उन्होंने कहा कि सादगी, सच्चाई और भावनाओं से जुड़ी कहानियां लोगों के दिलों पर गहरा असर छोड़ती हैं। सीरीज की असली पहचान इसके किरदार, उनके रिश्ते और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े छोटे-छोटे पल हैं। विजय कोशी ने कहा कि पांचवें सीजन में चहेते किरदारों की कहानी को आगे बढ़ाने के लिए टीम उत्साहित है। गांव में आने वाली नई चुनौतियां, बदलते रिश्ते और अप्रत्याशित घटनाएं कहानी को नया रंग देंगी। उन्होंने यह भी कहा कि ‘पंचायत’ OTT पर पांचवें सीजन तक पहुंचने वाले भारत के केवल दो शो में से एक है। उन्होंने इस सफर में लगातार सहयोग के लिए प्राइम वीडियो का आभार जताया।






