रांची : राजधानी रांची के सर्कुलर रोड पर स्थित न्यूक्लियस मॉल अब बिक गया है। मॉल का सौदा पूरे 375 करोड़ रुपये में हुआ है। शुक्रवार को रांची निबंधन कार्यालय में इसकी रजिस्ट्री भी पूरी कर ली गई। मॉल चलाने वाली कंपनी आदर्श हाइट प्राइवेट लिमिटेड के मालिक विष्णु अग्रवाल ने जमीन समेत पूरा मॉल धनबाद की कंपनी वीए डिस्क्रीट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के नाम कर दिया है। कंपनी की ओर से इसके निदेशक विवेक कुमार सिंह ने रजिस्ट्री कराई है। विवेक कुमार सिंह धनबाद के जाने-माने खनन और आउटसोर्सिंग कारोबारी एलबी सिंह के बेटे हैं। 375 करोड़ रुपये की इस डील को झारखंड में अब तक की सबसे बड़ी रियल एस्टेट डील बताया जा रहा है।
Read More : गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा पर झारखंड पुलिस अलर्ट, जारी निर्देश
मॉल खरीदने वाली कंपनी वीए डिस्क्रीट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड धनबाद में कोयला खनन के लिए साइट तैयार करने का काम करती है। खास बात यह है कि इस कंपनी का गठन महज 22 महीने पहले, यानी 8 जनवरी 2025 को हुआ था। कंपनी का रजिस्ट्रेशन झारखंड के रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज में कंपनी अधिनियम के तहत कराया गया था। कंपनी का रजिस्टर्ड पता धनबाद के बापू नगर स्थित कार्मिक नगर में शर्मा निवास, हाउस नंबर-41 है। अब तक कोयला खनन से जुड़े काम में लगी इस कंपनी ने न्यूक्लियस मॉल खरीदकर रियल एस्टेट के कारोबार में भी बड़ी एंट्री मार दी है।
1.59 एकड़ जमीन पर बना है न्यूक्लियस मॉल
न्यूक्लियस मॉल शहर अंचल के हातमा मौजा में स्थित है। यह खाता संख्या 587 और प्लॉट संख्या 1690 पर बना है। कुल 1.59 एकड़ जमीन पर फैले इस मॉल का क्षेत्रफल 3,20,633 वर्गफीट है। इस रजिस्ट्री से राज्य सरकार को करीब 26.25 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। इसमें लगभग 15 करोड़ रुपये स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ रुपये कोर्ट फीस के रूप में मिले हैं। मॉल की बिक्री की खबर सामने आने के बाद शहर में इसकी वजह को लेकर चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, विक्रेता विष्णु अग्रवाल और खरीदार विवेक कुमार सिंह ने सौदे के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
88 दुकानें और 30 कियोस्क, पहले जैसी रहेगी व्यवस्था
न्यूक्लियस मॉल में करीब 10 साल पहले व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हुई थीं। तब से यह खरीदारी, खानपान और मनोरंजन के प्रमुख केंद्रों में शामिल रहा है। मॉल में करीब 88 दुकानें और 30 कियोस्क हैं। यहां कई प्रमुख ब्रांडेड कंपनियों के शोरूम भी मौजूद हैं। खरीदारी से लेकर खानपान और मनोरंजन तक की सुविधाओं के कारण यह जेन जी समेत सभी वर्गों के लोगों की पसंदीदा जगहों में शामिल है। मॉल की बिक्री के साथ इसका मालिकाना हक बदल गया है। हालांकि, विक्रेता विष्णु अग्रवाल ने दावा किया है कि मॉल के अंदर की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं होगा। सभी गतिविधियां पहले की तरह चलती रहेंगी।
कौन हैं एलबी सिंह, जिनके बेटे ने खरीदा मॉल?
धनबाद के एलबी सिंह कोयला खनन और आउटसोर्सिंग कारोबार से जुड़े बड़े व्यवसायियों में गिने जाते हैं। बीसीसीएल के ठेकों और कोयला कारोबार को लेकर उनका नाम अक्सर चर्चा में रहा है। एलबी सिंह पहली बार 23 नवंबर 2011 को सुर्खियों में आए थे। उस समय आयकर विभाग ने बैंक ऑफ इंडिया की ऐना शाखा (झरिया) में उनके और उनके परिजनों के नाम पर जमा लगभग 100 करोड़ रुपये जब्त किए थे। बाद में इस मामले में सीबीआई की भी एंट्री हुई। सीबीआई ने एलबी सिंह की कंपनी देवप्रभा को बीसीसीएल से मिले ठेकों और भुगतान में कथित अनियमितताओं की पड़ताल की थी।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी एलबी सिंह और उनके परिजनों व करीबियों के खिलाफ फिलहाल ईडी की जांच चल रही है। ईडी ने पहली बार 21 नवंबर 2025 को एलबी सिंह और देवप्रभा से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। इसके बाद मार्च 2026 में उनसे कोयला खनन, परिवहन, हवाला लेनदेन और कारोबारी संबंधों को लेकर पूछताछ की गई थी। जुलाई 2026 में ईडी ने फिर उनके ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में लगभग 1.02 करोड़ रुपये जब्त किए गए और करीब 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश को फ्रीज किया गया।
रजिस्ट्री पूरी, 31 मार्च 2027 के बाद हैंडओवर की संभावना
न्यूक्लियस मॉल की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, लेकिन खरीदार कंपनी फिलहाल इसका कब्जा नहीं लेगी। बैंकिंग समेत अन्य प्रक्रियाओं को पूरा करने में समय लगेगा। ऐसे में संभावना है कि वीए डिस्क्रीट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड 31 मार्च 2027 के बाद ही मॉल का हैंडओवर लेगी।



