रांची : गुरु नानक देव जी की जयंती और कार्तिक पूर्णिमा को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय अभी से अलर्ट हो गया है। दोनों पर्व 24 नवंबर 2026 को मनाए जाएंगे। इस मौके पर राज्य के अलग-अलग जिलों में धार्मिक कार्यक्रम, शोभायात्रा, प्रभात फेरी और कीर्तन का आयोजन होगा। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा पर नदी, तालाब और डैम में स्नान करने के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस की विशेष शाखा ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को चौकन्ना रहने का निर्देश दिया है। साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है, ताकि पर्व के दौरान कहीं कोई गड़बड़ी न हो। पुलिस को साफ निर्देश दिया गया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से पूरी तैयारी रखें और किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए मुस्तैद रहें।
Read More : झारखंड के 26 कैदियों की रिहाई पर मुहर, CM हेमंत सोरेन की बैठक में फैसला
विशेष शाखा ने सभी जिलों को भेजा पत्र
विशेष शाखा, झारखंड, रांची की ओर से इस संबंध में सभी उपायुक्तों, वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजा गया है। इसमें दोनों पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने आशंका जताई है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान असामाजिक और आपराधिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे में जिलों को अपने स्तर से भी आसूचना संग्रह करने और जरूरी सुरक्षा उपाय पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है।
गुरुद्वारों और शोभायात्राओं पर रहेगी पुलिस की नजर
विशेष शाखा के पत्र के अनुसार, गुरु नानक देव जी की जयंती मुख्य रूप से सिख समुदाय के लोग मनाते हैं। इस अवसर पर गुरुद्वारों में पूजा-अर्चना, प्रकाश उत्सव, शोभायात्रा, जुलूस और कीर्तन के साथ प्रभात फेरी निकाली जाती है। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए गुरुद्वारों और उनके आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया है। शोभायात्रा और जुलूस के दौरान भी पुलिस विशेष निगरानी रखेगी, ताकि किसी तरह का विवाद या तनाव पैदा न हो। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी नजर रखने को कहा गया है।
कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों में होगी बैरिकेडिंग
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में नदियों, तालाबों और डैम में स्नान करने पहुंचते हैं। इस दौरान गहरे पानी में जाने से डूबने की घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष शाखा ने सभी जिलों को स्नान घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने का निर्देश दिया है। नदियों, तालाबों और घाटों के किनारे बैरिकेडिंग करने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सीमा से आगे गहरे पानी में नहीं जा सकें। जिन घाटों पर अधिक भीड़ रहती है और पानी की गहराई ज्यादा है, वहां अतिरिक्त बचाव व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया है। इसके तहत रस्सी के साथ गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाले इनफ्लेटेड ट्यूब उपलब्ध कराने और प्रशिक्षित बचाव दल तैनात रखने को कहा गया है।
2021 से 2025 तक की घटनाओं का मांगा ब्योरा
विशेष शाखा ने सभी जिलों से पिछले पांच वर्षों यानी 2021 से 2025 तक गुरु नानक जयंती और कार्तिक पूर्णिमा के दौरान हुई घटनाओं और विवादित स्थलों की संक्षिप्त जानकारी मांगी है। इस जानकारी के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, ताकि वहां पहले से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सके। इसके अलावा ऐसे संदिग्ध असामाजिक तत्वों की सूची तैयार करने को भी कहा गया है, जो धर्म की आड़ में गड़बड़ी फैलाने या विधि-व्यवस्था की समस्या पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं। पुलिस को ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर निगरानी
पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया को लेकर भी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। विशेष शाखा ने ऐसे व्हाट्सऐप ग्रुप, फेसबुक अकाउंट और अन्य सोशल मीडिया समूहों की जानकारी मांगी है, जिनके माध्यम से किसी विशेष समुदाय, धर्म या जाति की भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियां की जाती हैं या नफरत फैलाने का प्रयास होता है। ऐसे सोशल मीडिया ग्रुप के एडमिन का नाम और मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। पुलिस को सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने और भड़काऊ संदेश या पोस्ट सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
वीआईपी और प्रमुख आयोजनों की भी देनी होगी जानकारी
विशेष शाखा ने दोनों पर्वों के दौरान होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों का विस्तृत ब्योरा भी मांगा है। इसमें गुरु नानक जयंती पर आयोजित प्रकाश उत्सव, शोभायात्रा, जुलूस और कीर्तन के साथ कार्तिक पूर्णिमा पर होने वाले पूजा-पाठ, मेले और अन्य कार्यक्रमों की जानकारी शामिल है। इसके अलावा जिलों को यह भी बताना होगा कि इन आयोजनों में किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति या वीआईपी के शामिल होने की संभावना है या नहीं। इसके आधार पर संबंधित कार्यक्रमों के लिए पहले से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।
विशेष शाखा ने स्पष्ट किया है कि पत्र के साथ दी गई सूचनाएं विभिन्न स्रोतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर तैयार की गई हैं। इनमें किसी तरह की कमी या बदलाव संभव है। नई जानकारी मिलने पर संबंधित जिलों को इसकी सूचना दी जाएगी। पुलिस और प्रशासन को दोनों पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, विधिसम्मत कार्रवाई करने और लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।



