रांची : दुर्गा पूजा के दौरान शहरवासियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और रोशनी से भरपूर माहौल उपलब्ध कराने के लिए रांची नगर निगम ने पथ प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने का विशेष अभियान शुरू किया है। निगम की टीमें पूजा पंडालों, संपर्क मार्गों और अंधेरे वाले स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर बनाने में जुटी हैं। नगर आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत विद्युत शाखा ने 28 नियमित और 3 विशेष टीमों को तैनात किया है। ये टीमें लगातार अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर रही हैं।
Read More : मां रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोग, हेमंत सोरेन ने सुनीं समस्याएं
1,798 स्ट्रीट लाइटों में से 1,760 चालू
रांची नगर निगम के अनुसार, पूजा पंडालों और उनके आसपास कुल 1,798 पथ बत्तियां लगाई गई हैं। इनमें से 1,760 लाइटें फिलहाल काम कर रही हैं। अभियान के दौरान अब तक 927 पथ बत्तियों की मरम्मत की जा चुकी है। वहीं, बंद पड़ी शेष 38 लाइटों को ठीक करने की कार्रवाई जारी है।
176 पूजा समितियों से किया गया समन्वय
दुर्गोत्सव के दौरान रोशनी से संबंधित जरूरतों को पूरा करने के लिए नगर निगम ने शहर की 176 पूजा समितियों से संपर्क स्थापित किया है। आवश्यकतानुसार नई लाइटें भी लगाई गई हैं। पूजा पंडालों के आसपास, आने-जाने वाले रास्तों और अंधेरे वाले स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को रात में आवागमन के दौरान परेशानी न हो।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर जोर
नगर निगम का कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों तक आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शहर की पथ प्रकाश व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि लोग सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से आवागमन कर सकें।
स्ट्रीट लाइट की शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर जारी
रांची नगर निगम ने पथ बत्तियों से जुड़ी समस्याओं की सूचना देने के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-570-1235 जारी किया है। नागरिक इस नंबर पर खराब स्ट्रीट लाइट या रोशनी से संबंधित समस्या की जानकारी दे सकते हैं। निगम के मुताबिक, प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दुर्गोत्सव के दौरान शहर को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और प्रकाशमय बनाए रखने के लिए नगर निगम की टीमें लगातार काम कर रही हैं।




