लड़कर झारखंड लिया है, लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे : सीएम हेमंत सोरेन

रामगढ़ : सीएम हेमंत सोरेन ने आज यानी शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने

सीएम

अपनी भाषा में पढ़ें

रामगढ़ : सीएम हेमंत सोरेन ने आज यानी शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले में लगभग 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया। समारोह को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि झारखंड का अलग राज्य बनना शहीदों के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। आदिवासी-मूलवासी समाज के स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाना होगा।

Read More : महिला आरक्षण पर मोदी कैबिनेट की मुहर, परिसीमन विधेयक विशेष सत्र में होगा पेश

शहादत की चिंगारी से मिली अलग झारखंड की प्रेरणा

हेमंत सोरेन ने कहा कि आज सभी लोग शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) के 69वें शहादत दिवस पर एकत्रित हुए हैं। इस दिन को ऐतिहासिक पहचान दिलाने और जन-जन तक पहुंचाने का काम आदिवासी-मूलवासी समाज से निकले दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने किया। उन्होंने कहा कि सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ उठी आवाज को दबाने की कोशिश की गई थी, लेकिन गुरुजी के नेतृत्व में यह संघर्ष फिर जीवंत हुआ। आज नई पीढ़ी शहादत की इस विरासत को आगे ले जाने का संकल्प ले रही है।

आदिवासी-मूलवासी समाज के स्वाभिमान का किया जिक्र

सीएम ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था, जब आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती सोच रखने वालों के सामने अपनी बात तक नहीं रख पाते थे। सिर उठाकर देखना भी मुश्किल था। उन्होंने कहा कि आज स्थिति बदल चुकी है। राज्य का गरीब, आदिवासी और मूलवासी समाज निडर होकर अपनी बात रखता है और स्वाभिमान के साथ जीवन जीता है। सीएम ने इसका श्रेय शहीद सोबरन मांझी की शहादत को दिया।

शहीदों के संघर्ष से बना झारखंड राज्य

हेमंत सोरेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और चांद-भैरव जैसे महानायकों ने अत्याचार के खिलाफ संघर्ष किया। गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, उत्तरी और दक्षिणी छोटानागपुर से लेकर संथाल परगना तक उठी छोटी-छोटी चिंगारियां आगे चलकर अलग झारखंड राज्य आंदोलन का आधार बनीं। उन्होंने कहा कि अलग राज्य की मांग के समय कई लोग यह कहकर हंसते थे कि कम पढ़े-लिखे आदिवासी-मूलवासी अपना राज्य कैसे चला पाएंगे। लेकिन आज उन्हीं शहीद परिवारों के बीच से निकला एक नौजवान राज्य को संवारने का काम कर रहा है।

50 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रहे 2500 रुपये

महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर सीएम ने कहा कि सरकार गांवों, दूरदराज के इलाकों और शहरों में रहने वाले लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में राज्य की लगभग 50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। इसमें 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं शामिल हैं। सीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य माताओं और बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे खुद अपने माथे से गरीबी की लकीर मिटा सकें।

बोले- लड़कर अलग राज्य लिया, लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे

सीएम ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने में सरकार को कई तरह की बाधाओं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के राजस्व स्रोतों को बंद करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन सरकार इससे घबराने वाली नहीं है। उन्होंने कहा, “जिस तरह हमने लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे।” हेमंत सोरेन ने कहा कि अब यह वह झारखंड नहीं है, जहां बाहर से आकर कोई यहां के लोगों का शोषण कर सके। सरकार की प्राथमिकता राज्य के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाना है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार शहादत दिवस समारोह सादगी के साथ मनाया गया है। आने वाले समय में इसे और भव्य तथा उत्साहपूर्वक आयोजित किया जाएगा।

समारोह में कल्पना सोरेन समेत कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन और विधायक ममता देवी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। इसके अलावा उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत भी मौजूद रहे। समारोह में रामगढ़ जिले के अन्य जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *