रांची : राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। अशोक नगर रोड नंबर-5बी स्थित एक घर में संदिग्ध चोरों को पकड़ने के दौरान निजी सुरक्षा में तैनात एक बॉडीगार्ड की लाइसेंसी AK-47 से अचानक गोली चल गई। गोली सुरक्षाकर्मी को ही लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों संदिग्ध मौके से फरार हो गए।
Read More : टीएमसी के 440.42 करोड़ रुपये फ्रीज, ईडी का बड़ा ऐक्शन
मिली जानकारी के अनुसार नितेश प्रियदर्शी के घर में दो संदिग्ध चोर घुसने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद बॉडीगार्ड ने दोनों को रोकने और पकड़ने की कोशिश की। अफरा-तफरी के बीच उसकी लाइसेंसी AK-47 से अचानक गोली चल गई, जो सीधे उसे ही लग गई।
अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस जांच में जुटी
गोली लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घायल सुरक्षाकर्मी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना पुलिस के साथ अन्य थानों की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही फरार दोनों संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Read More : एसआईआर डियूटी से लौट रहे रोजगार सेवक की संदिग्ध मौत, सड़क किनारे मिला शव




