देवघर : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की शुरुआत 30 जुलाई से होने जा रही है। इसे लेकर देवघर जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। मेले में अब महज 15 दिन शेष हैं और प्रशासन जलार्पण व्यवस्था, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार तैयारी कर रहा है।
Read More : रांची समेत कई जिलों में बारिश के आसार, विभाग ने जारी किया अलर्ट
इस बार श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। जिला प्रशासन की योजना है कि श्रद्धालुओं को मोबाइल फोन के बिना ही बाबा बैद्यनाथ मंदिर में प्रवेश कराया जाए।
मोबाइल रखने के लिए बनेगा क्लॉक रूम
देवघर के अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि मोबाइल फोन के कारण पहले सुरक्षा संबंधी कई चुनौतियां सामने आई हैं। भीड़ का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्व मंदिर परिसर की वीडियो रिकॉर्डिंग कर लेते हैं। वहीं, कई श्रद्धालु गर्भगृह में वीडियो बनाने के दौरान अधिक समय तक रुक जाते हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ बढ़ जाती है।
Read More : रांची नगर निगम बोर्ड बैठक में विकास योजनाओं पर मंथन, सफाई से लेकर स्ट्रीट लाइट तक कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर के बाहर मोबाइल सुरक्षित रखने हेतु क्लॉक रूम तैयार किए जा रहे हैं। आवश्यक कर्मियों की तैनाती के बाद इस व्यवस्था पर अंतिम निर्णय लागू किया जाएगा।
900 CCTV और AI कैमरों से होगी निगरानी
श्रावणी मेले की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की टीम मंदिर परिसर का निरीक्षण कर चुकी है। इस वर्ष मेले में करीब 900 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनमें 25 अत्याधुनिक PTZ (Pan, Tilt and Zoom) कैमरे भी शामिल होंगे। इसके अलावा दुम्मा प्रवेश द्वार पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे श्रद्धालुओं की संख्या का आकलन करने के साथ-साथ भीड़ में बिछड़े लोगों की पहचान कर उन्हें खोया-पाया केंद्र के माध्यम से उनके परिजनों से मिलाने में भी मदद करेंगे।
Read More : दीवार काटकर जेवर दुकान में सेंधमारी, सोने-चांदी के अभूषण लेकर चोर हुए फरार, दुकानदारों में आक्रोष
30 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेले में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन की नई व्यवस्थाओं पर सभी की नजर रहेगी कि वे श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को कितना बेहतर बना पाती हैं।




