रांची: माहेश्वरी महिला समिति एवं माहेश्वरी युवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार, 22 अगस्त की शाम डांगरा टोली स्थित स्वर्णभूमि बैंक्विट हॉल में अनोखे ‘रास एंड रिदम’ भजन जैमिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे से शुरू हुए इस आयोजन में माहेश्वरी समाज के लोगों के साथ रांची के अन्य संगीत प्रेमियों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में ‘राम आएंगे’, ‘राम राम राजा राम’, ‘मीठे रस से भरी राधा रानी’ और भगवान शिव के पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत के अंदाज में प्रस्तुत किया गया। भक्ति और संगीत के इस संगम ने युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ सदस्यों को खासा आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोग संगीत की धुन पर झूमते नजर आए।
नेपाल के युवा जैमर्स ने बांधा समां
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भजन जैमिंग टीम ‘द लोकल जैमर्स’ रही। नेपाल के इन युवा जैमर्स ने अपने सोलफुल म्यूजिक और ऊर्जावान प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया। बैंड के सदस्यों ने पारंपरिक भजनों को रॉक, फ्यूजन और सूफी अंदाज में पेश किया। पारंपरिक भक्ति गीतों के नए संगीत संयोजन ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
युवाओं को भक्ति से जोड़ना उद्देश्य
माहेश्वरी महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती विजयश्री साबू और युवा संगठन के अध्यक्ष श्री विनय मंत्री ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भक्ति और अपनी संस्कृति से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी पारंपरिक भजनों से धीरे-धीरे दूर होती जा रही है। ऐसे में भजनों को जैमिंग फॉर्मेट में प्रस्तुत कर युवाओं को अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम संयोजक श्रीमती वंदना मारू, श्रीमती सुमन चितलांगिया, श्री गौरव काबरा और श्री प्रतीक साबू ने कहा कि ‘रास एंड रिदम’ परंपरा और आधुनिकता का संगम है। भक्ति को आधुनिक संगीत के साथ भी नए अंदाज में आनंद के साथ अनुभव किया जा सकता है।
समाज में एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश
कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथि संजय सेठ और अजय मारू ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर एकता और उत्साह का माहौल तैयार करना तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना इस तरह के आयोजन की बड़ी उपलब्धि है। सभा अध्यक्ष मुकेश काबरा, युवा संगठन के पूर्व अध्यक्ष दीपक मारू और सौरभ साबू ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माहेश्वरी समाज के लोगों के अलावा रांची के संगीत प्रेमियों ने हिस्सा लिया। लोगों ने भजन जैमिंग के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया।
कई महीनों की मेहनत से हुआ आयोजन सफल
रास एंड रिदम को सफल बनाने के लिए समाज के सदस्यों ने पिछले कई महीनों से तैयारियों में मेहनत की और अपना समय दिया। आयोजन को सफल बनाने में माहेश्वरी महिला प्रदेश अध्यक्ष संगीता चितलांगिया, रांची समिति सचिव बिमला फलोर, पूर्व अध्यक्ष भारती चितलांगिया, नेहा साबू, रश्मि मालपानी, खुशबू साबू, विनीता चितलांगिया, पूनम राठी, विनीता बिहानी, सुमन बाहेती सहित कई सदस्यों का सहयोग रहा। वहीं युवा संगठन सचिव हेमंत चितलांगिया, पंकज साबू, उत्सव मंत्री, हर्षित चितलांगिया, दिनेश काबरा, आयुष साबू, अंकुर दागा, सर्वेश माहेश्वरी, धीरेन्द्र राठी, आकाश चितलांगिया, अश्विनी साबू, श्याम बिहानी, साकेत बिहानी, नीतेश लाखोंटिया, कुनाल बोरा और हार्दिक बिहानी समेत समाज की तीनों इकाइयों के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
कार्यक्रम के समापन पर माहेश्वरी महिला समिति और युवा संगठन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार जताया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अनोखे और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




