चाईबासा: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चाईबासा-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर बाईहातु गांव के आगे शनिवार को करीब साढ़े तीन बजे पेट्रोल और डीजल से लदा इंडियन ऑयल का टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से पेट्रोल-डीजल सड़क पर बहने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। कुछ लोग सड़क पर बह रहे पेट्रोल-डीजल को बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तनों में भरकर ले जाने लगे। इससे घटनास्थल पर आग लगने का खतरा और बढ़ गया।
सामने से आया डंपर, टैंकर चालक ने खोया नियंत्रण
टैंकर चालक रवींद्र राम ने बताया कि वह खूंटी से पेट्रोल और डीजल लेकर चाईबासा से करीब 10 किलोमीटर आगे स्थित एक पेट्रोल पंप पर ईंधन पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से एक बड़ा डंपर आ गया।
चालक के अनुसार, डंपर को देखकर उन्होंने टैंकर को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण खो गया और टैंकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर ईंधन फैल गया।
पुलिस ने ग्रामीणों को घटनास्थल से हटाया
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सड़क पर बह रहे पेट्रोल-डीजल को बर्तनों में भरकर ले जा रहे ग्रामीणों को रोका और घटनास्थल से दूर किया।
थाना प्रभारी ने लोगों को समझाया कि पेट्रोल और डीजल बेहद ज्वलनशील पदार्थ हैं। ऐसे में छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस ने लोगों की आवाजाही नियंत्रित की और सभी से टैंकर तथा घटनास्थल से दूर रहने की अपील की।
हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से संभावित बड़ी आगजनी की घटना टल गई। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर के पलटने के बाद सुरक्षा के लिहाज से घटनास्थल पर निगरानी रखी जा रही है।




