रांची:  रांची के धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल एकेडमी में 4 अक्टूबर को अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ताओं के लिपिकों के लिए एक दिवसीय ऑफलाइन ई-कोर्ट्स कार्यक्रम और CIS (केस इन्फॉर्मेंशन सिस्टम) प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है।
यह प्रशिक्षण ट्रेनिंग फॉर ट्रेनर्स मॉडल पर आधारित होगा, जिसका उद्देश्य राज्य के अदालती कामकाज में डिजिटल तकनीकों और ई-कोर्ट सेवाओं के उपयोग को बढ़ावा देना है।  इस संबंध में ज्यूडिशियल एकेडमी के निदेशक राजेश शरण सिंह ने राज्य के सभी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशों और रांची सिविल कोर्ट के प्रधान न्यायायुक्त को पत्र जारी कर अधिवक्ता मास्टर ट्रेनरों को कार्यक्रम में शामिल होने का निर्देश दिया है।
10 बजे से शुरू होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 4 अक्टूबर को सुबह 10:00 बजे से एकेडमी के परिसर में शुरू होगा।  प्रशिक्षण के लिए राज्य के विभिन्न जिलों और अनुमंडलों के बार एसोसिएशनों से अधिवक्ता मास्टर ट्रेनरों को नामांकित किया गया है।
इनमें बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जमशेदपुर, हजारीबाग, पलामू, रांची, गिरिडीह, पाकुड़, साहिबगंज और सिमडेगा सहित अन्य जिला बार एसोसिएशनों के प्रतिनिधि शामिल हैं. बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के रहने की व्यवस्था न्यायिक अकादमी के हॉस्टल में प्रशिक्षण की पूर्व संध्या से लेकर समापन दिवस की शाम तक की जाएगी।