रांची/ चतरा: चतरा पुलिस को नशा तस्करों के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन चतरा अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के मंसूबों पर पानी फेरते हुए करीब एक करोड़ रुपये का गांजा जब्त किया है।चतरा एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में चलाए गए वाहन चेकिंग के दौरान यह मिली कामयाबी। गांजा को बिहार भेजने की तैयारी थी।
उक्त जानकारी सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बुधवार को सदर थाना में आयोजित प्रेस कांन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि एसपी के निर्देश पर चतरा-जोरी मुख्य मार्ग पर डाढा मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की वरना कार तेज गति से चतरा शहर की ओर आती दिखी। पुलिस ने कार रुकने का इशारा किया, तो चालक चकमा देकर गाड़ी भगाने लगा। इसके बाद टीम ने वाहन का पीछा किया। खुद को घिरता देख तस्कर सिकिद गांव के पास नदी किनारे कार छोड़कर फरार हो गए।
एसडीपीओ ने बताया कि कार का नंबर UP14CF-5803 है। तलाशी में कार से 82 पैकेटों में गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 164 किलो है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा सहित कार को जब्त कर लिया है। सदर थाना में मामला दर्ज कर तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि फरार तस्करों को चिह्नित कर लिया गया है। जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे। छापेमारी टीम में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, एएसआई सफिक अंसारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. एसडीपीओ ने बताया कि कार मालिक की पहचान कर ली गई है। फरार तस्करों और गाड़ी मालिक की गिरफ्तारी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है।
also read : कारोबार के नाम पर 300 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी, भाजपा के पूर्व कोषाध्यक्ष झारखंड से गिरफ्तार


