रांची । राजधानी के सदर अस्पताल से रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। रांची की महापौर श्रीमती रोशनी खलखो, विधायक सी. पी. सिंह और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने संयुक्त रूप से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर इस तीन दिवसीय महाअभियान की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।
पिछले 14 वर्षों से भारत में पोलियो का कोई नया मामला सामने नहीं आया है
अतिथियों का स्वागत करते हुए रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार और राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय किशोर रजक ने कहा कि पिछले 14 वर्षों से भारत में पोलियो का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। हालांकि, पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे पड़ोसी देशों में अब भी इसके मामले मिल रहे हैं। ऐसे में थोड़ी सी भी लापरवाही भारी पड़ सकती है, इसलिए हर बच्चे को समय पर खुराक देना बेहद जरूरी है।
आज भारत पोलियो मुक्त है, लेकिन इस सुरक्षा चक्र को बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है
महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने कहा, “आज भारत पोलियो मुक्त है, लेकिन इस सुरक्षा चक्र को बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। सदर अस्पताल के साथ-साथ गांवों के स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी खुराक दी जा रही है ताकि कोई भी बच्चा न छूटे। उन्होंने सदर अस्पताल की बेहतर होती चिकित्सा व्यवस्था की भी सराहना की।
विधायक सी. पी. सिंह ने स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण को सलाम करते हुए कहा कि आज सदर अस्पताल में सभी वर्गों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल रहा है। इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।
एनएचएम (NHM) के अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा ने बताया कि वर्ष 1995 से यह अभियान लगातार देश को सुरक्षित रखा गया है
कार्यक्रम के समापन पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, स्वास्थ्यकर्मियों का धन्यवाद किया। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने आस-पड़ोस के हर बच्चे को यह खुराक दिलवाकर ‘पोलियो मुक्त भारत’ के संकल्प को और मजबूत बनाएं।




