रांची : आगामी पर्व-त्योहारों और मॉनसून को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर की पथ बत्ती व्यवस्था को दुरुस्त रखने की तैयारी तेज कर दी है। बुधवार, 2 सितंबर 2026 को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में विद्युत शाखा के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में खराब पथ बत्तियों की मरम्मत, नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन, नियमित पेट्रोलिंग और जरूरत वाले क्षेत्रों में नई पथ बत्तियां लगाने को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
Reda More : मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी मार्ग पर भीषण हादसा, बस चालक की मौत, 24 घायल
53 वार्डों में 28 टीमें सक्रिय
बैठक में बताया गया कि रांची नगर निगम क्षेत्र के सभी 53 वार्डों में फिलहाल 28 टीमें सक्रिय हैं। ये टीमें नियमित पेट्रोलिंग कर खराब पड़ी पथ बत्तियों की पहचान कर रही हैं। इसके साथ ही नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों का निपटारा और जरूरत के अनुसार नए स्थानों पर पथ बत्तियों का अधिष्ठापन किया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान शहर में लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में बेहतर प्रकाश व्यवस्था नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी प्रमुख मार्ग, चौक-चौराहे, बाजार, सार्वजनिक स्थल या आवासीय क्षेत्र में लंबे समय तक पथ बत्ती खराब नहीं रहनी चाहिए।
शिकायतों का 48 घंटे में समाधान करने का लक्ष्य
अपर नगर आयुक्त ने संबंधित एजेंसी मेसर्स तुलस्यान, निगम के लाइट इंस्पेक्टर, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता और सहायक नगर आयुक्त को पूरे निगम क्षेत्र की पथ बत्ती व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केवल नागरिकों की शिकायत मिलने के बाद ही कार्रवाई न हो, बल्कि प्रो-एक्टिव पेट्रोलिंग और नियमित निरीक्षण के जरिए भी खराब लाइटों की पहचान की जाए। जिन क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त है, वहां जरूरत का आकलन कर नई पथ बत्तियां लगाने की कार्रवाई की जाए। बैठक में बताया गया कि रांची नगर निगम के कनेक्ट सेंटर के माध्यम से हर महीने 1,000 से अधिक खराब पथ बत्तियों से संबंधित शिकायतें और सूचनाएं प्राप्त होती हैं। इन शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दूर किया जा रहा है। शिकायतों को 48 घंटे के भीतर दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है। अपर नगर आयुक्त ने शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक टीम को प्रतिदिन किए गए कार्यों की रिपोर्ट जमा करने को कहा गया।
बार-बार खराब होने वाली लाइटों का स्थायी समाधान
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नागरिकों की हर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिन इलाकों से बार-बार पथ बत्ती खराब होने की शिकायत मिल रही है, वहां समस्या के मूल कारण की पहचान कर स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाए। अपर नगर आयुक्त ने विद्युत शाखा की सभी टीमों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से काम करने का निर्देश दिया, ताकि आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शहर में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
खराब लाइट की सूचना इस नंबर पर दें
रांची नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि उनके क्षेत्र में कोई पथ बत्ती खराब है या किसी स्थान पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था की जरूरत है, तो इसकी सूचना निगम के टोल फ्री नंबर 1800 570 1235 पर दें। निगम के मुताबिक, प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित टीम आवश्यक कार्रवाई करते हुए पथ बत्ती को यथाशीघ्र दुरुस्त करेगी। बैठक में सहायक नगर आयुक्त सूरज प्रकाश सिंह चौधरी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता और संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




