मुंबई: सावन का महीना भगवान शिव के भक्तों के लिए बेहद खास माना जाता है। इस दौरान देशभर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय भी सावन के इस पवित्र महीने में भगवान शिव की नगरी वाराणसी पहुंचीं। उन्होंने प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए और अपनी धार्मिक यात्रा की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के साथ साझा कीं। मौनी रॉय ने रविवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरी पर वाराणसी यात्रा के कुछ छोटे वीडियो साझा किए। इनमें से एक वीडियो में वह अपनी दोस्त के साथ रिक्शे में बैठकर वाराणसी की गलियों में घूमती नजर आईं। शहर की गलियों और माहौल का आनंद लेते हुए अभिनेत्री काफी खुश दिखाई दीं। इस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ के दर्शन को लेकर भी अपनी खुशी जाहिर की।
दर्शन के बीच सताता रहा फ्लाइट छूटने का डर
मौनी रॉय ने बताया कि काशी विश्वनाथ के दर्शन करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। हालांकि, इस धार्मिक यात्रा के दौरान उनके मन में एक चिंता भी बनी हुई थी। उन्हें डर था कि वाराणसी में घूमने और मंदिर के दर्शन करने के दौरान कहीं उनकी फ्लाइट न छूट जाए। अभिनेत्री ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कहा कि उन्हें काशी विश्वनाथ के बेहद सुंदर दर्शन करने का मौका मिला और सावन के महीने में बाबा विश्वनाथ के दर्शन उनके लिए खास अनुभव रहे। साथ ही उन्होंने फ्लाइट छूटने की चिंता भी साझा की।
समय पर पहुंचीं एयरपोर्ट, बोलीं- हर हर महादेव
अगली स्टोरी में मौनी रॉय ने खुद ही अपनी चिंता का जवाब भी दे दिया। उन्होंने विमान के अंदर बैठकर अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें उनके चेहरे पर बड़ी मुस्कान नजर आ रही थी। तस्वीर के साथ अभिनेत्री ने लिखा कि वह आखिरकार समय पर एयरपोर्ट पहुंच गईं और उनकी फ्लाइट भी नहीं छूटी। इसके साथ उन्होंने ‘हर हर महादेव’ भी लिखा।
पारंपरिक अंदाज में नजर आईं मौनी
काशी विश्वनाथ के दर्शन के दौरान मौनी रॉय का पारंपरिक अंदाज भी लोगों का ध्यान खींचता नजर आया। अभिनेत्री ने सूट पहना था और हल्का मेकअप किया हुआ था। उन्होंने कानों में सुनहरे झुमके पहने थे, जबकि माथे पर चंदन का तिलक दिखाई दे रहा था। पूरे पारंपरिक लुक में मौनी रॉय काफी खूबसूरत नजर आईं। उनकी वाराणसी यात्रा की तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने भी पसंद किया।




