रांची : प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी (CPI Maoist) के सेंट्रल कमेटी सदस्य (CCM) असीम मंडल उर्फ आकाश ने पश्चिम बंगाल में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। असीम मंडल लाल आतंक के शीर्ष नेताओं में शामिल था और लंबे समय से वांछित था। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने असीम मंडल के पश्चिम बंगाल में सरेंडर करने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
Read More : धनबाद के कतरास में तेज धमाके के साथ धंसी जमीन, कई घरों में आई दरारें
2.20 करोड़ रुपये का था कुल इनाम
असीम मंडल उर्फ आकाश पर झारखंड और ओडिशा सरकार की ओर से कुल 2.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। इसमें झारखंड सरकार ने उस पर 1 करोड़ रुपये और ओडिशा सरकार ने 1.20 करोड़ रुपये का इनाम तय किया था। संगठन में केंद्रीय समिति सदस्य के स्तर पर सक्रिय असीम मंडल अंतरराज्यीय सीमावर्ती इलाकों में माओवादी गतिविधियों के संचालन में मुख्य भूमिका निभा रहा था।
सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता
सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव और लगातार चलाए जा रहे अभियानों के बीच असीम मंडल का आत्मसमर्पण लाल आतंक के खिलाफ एक बहुत बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस आत्मसमर्पण से झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में माओवादी संगठन के ढांचे को गहरा झटका लगा है।



