रांची : अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने सरकार के साथ वार्ता के बाद अपना चरणबद्ध आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की पहल पर हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। नेपाल हाउस स्थित मंत्रालय में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव की उपस्थिति में संघ के प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक हुई। इस दौरान 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की समस्याओं और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
Read More : माओवादी नेता असीम मंडल ने किया सरेंडर, 2.20 करोड़ का था इनाम
सरकार ने दिया ठोस समाधान का आश्वासन
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। सरकार के इस सकारात्मक रुख को देखते हुए झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने वर्तमान आंदोलन को 20 दिनों के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया।
मांगें पूरी न होने पर 6 अक्टूबर से फिर आंदोलन की चेतावनी
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सरकार मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निश्चित अवधि में समाधान नहीं हुआ, तो कर्मी 6 अक्टूबर 2026 से फिर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में भारतीय मजदूर संघ के महामंत्री राजीव रंजन सिंह, प्रदेश मंत्री सह प्रभारी रामाशंकर प्रसाद, सुबोध कुमार यादव, नीरज तिवारी, मुकेश कुमार, रविकांत देव, कुणाल बनर्जी, रविंद्र शर्मा, राजकुमार साव, सुरेंद्र लहरी, नवीन कुमार, निर्भय राणा, विकास कुमार, शंभू यादव और रामचंद्र साव सहित कई प्रतिनिधि शामिल रहे।



