जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने सोमवार देर रात घाघीडीह सेंट्रल जेल में अचानक धावा बोल दिया। उपायुक्त राजीव रंजन और एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब की अगुवाई में करीब दो घंटे तक जेल के सभी वार्डों को खंगाला गया। इस दौरान जेल के अंदर से बीड़ी, सिगरेट, माचिस और खैनी की पुड़िया मिली। पुलिस ने इन सभी सामानों को तुरंत जब्त कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी के दौरान इन सामानों के अलावा कोई दूसरी आपत्तिजनक चीज नहीं मिली।
Read More : रामगढ़ के पतरातू में शादी समारोह में पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन
200 अधिकारियों की टीम ने खंगाले जेल के सभी वार्ड
छापेमारी के दौरान सिटी एसपी, एसडीओ और डीएसपी के साथ 11 मजिस्ट्रेट तथा पुलिस के जवान और अधिकारी शामिल रहे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम ने जेल के सभी वार्डों, कोठरियों और बैरकों की बारीकी से जांच की। इसके अलावा जेल की रसोई, अस्पताल और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, अनुशासन और प्रशासनिक कामकाज का जायजा लिया।
CCTV और मुलाकाती व्यवस्था की भी हुई जांच
औचक निरीक्षण के दौरान जेल में लगे CCTV कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। इसके साथ ही प्रवेश और निकास व्यवस्था, मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया तथा जेल के भीतर निगरानी तंत्र का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और प्रतिबंधित गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीड़ी, सिगरेट और माचिस जब्त : डीसी राजीव रंजन
छापेमारी के बाद उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि जांच अभियान में 11 मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मियों समेत करीब 200 लोग शामिल थे। जेल के सभी सेल की गहन जांच की गई। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान बीड़ी, सिगरेट और माचिस जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं मिलीं, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। इसके अलावा कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
खैनी की पुड़ियां भी मिलीं : एसएसपी
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब ने बताया कि डीसी और उनके नेतृत्व में जेल का औचक निरीक्षण किया गया। इस अभियान में 12 मजिस्ट्रेट, डेढ़ सौ पुलिस बल और 50 पुलिस अधिकारी शामिल थे। उन्होंने कहा कि जेल के सभी वार्डों की जांच की गई। इस दौरान कोई बड़ी आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। कुछ खैनी और उसकी पुड़ियां बरामद हुईं, जिन्हें मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों ने तत्काल जब्त कर लिया। एसएसपी ने बताया कि शहर में आपराधिक घटनाओं में कमी आई है। जेल में औचक निरीक्षण भी पुलिस और प्रशासन के उन निरंतर प्रयासों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य हर मोर्चे पर कड़ी निगरानी रखना है।



