दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने 85 साल के एक बुजुर्ग के पक्ष में अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने उनके बड़े बेटे और बहू को दक्षिण दिल्ली के मस्जिद मोठ स्थित मकान को चार हफ्ते के भीतर खाली करने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने कहा कि किसी बुजुर्ग को अपनी इच्छा के खिलाफ अपने ही घर में बच्चों के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। जरूरत पड़ने पर संबंधित थाने के एसएचओ को बुजुर्ग की सहायता करने और अदालत के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश भी दिया गया है।
जस्टिस अमित महाजन ने अपने फैसले में कहा कि अगर कोई बुजुर्ग अपनी संपत्ति से बच्चों को बेदखल कराना चाहता है, तो उसे हर हाल में उत्पीड़न या दुर्व्यवहार के ठोस सबूत पेश करने की जरूरत नहीं है। इसके लिए यह दिखाना पर्याप्त है कि संपत्ति को सुरक्षित रखने और वहां शांतिपूर्वक तथा सम्मान के साथ रहने के लिए बेदखली जरूरी है।
अदालत ने कहा कि 85 साल की उम्र में याचिकाकर्ता को अपने घर में शांति और सम्मान के साथ रहने का अधिकार है। किसी बुजुर्ग को उसकी इच्छा के खिलाफ अपने बच्चों के साथ घर साझा करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। खासकर तब, जब पारिवारिक रिश्ते इतने खराब हो चुके हों कि उसे साल 2022 से कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ रही हो और पुलिस की मदद भी मांगनी पड़ी हो।
बेटे-बहू का कोई मालिकाना हक नहीं
हाईकोर्ट ने पाया कि संबंधित मकान पर बुजुर्ग का पूर्ण मालिकाना हक है। बेटे और बहू ने भी संपत्ति पर अपना कोई स्वतंत्र मालिकाना अधिकार नहीं जताया था। वे केवल बुजुर्ग के साथ अपने पारिवारिक संबंधों के आधार पर वहां रह रहे थे। अदालत ने कहा कि निचले अधिकारियों ने यह मानने में गलती की कि बेदखली का आदेश देने से पहले बुजुर्ग को स्पष्ट और ठोस सबूतों के साथ उत्पीड़न साबित करना होगा। जबकि कानून या 2009 के नियमों में ऐसी कोई अनिवार्य शर्त नहीं है। अधिकारियों ने ऐसी शर्त लगा दी, जिसका कानून में कोई प्रावधान नहीं था। हाईकोर्ट ने इसे कानूनी गलती माना।
घर में होने वाले उत्पीड़न के सबूत जुटाना मुश्किल
अदालत ने कहा कि बुजुर्गों के साथ उनके बच्चों द्वारा किए जाने वाले उत्पीड़न की घटनाएं अक्सर घर की चारदीवारी के भीतर होती हैं। ऐसे मामलों में स्वतंत्र गवाह या दूसरे ठोस सबूत जुटाना मुश्किल हो सकता है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत होने वाली कार्यवाही संक्षिप्त प्रकृति की होती है। इसलिए अधिकारियों से यह अपेक्षा नहीं की जाती कि वे किसी दीवानी या आपराधिक मुकदमे की तरह सबूतों के सख्त मानक लागू करें।
जांच रिपोर्टों में मिलीं खामियां
हाईकोर्ट ने उप-मंडल मजिस्ट्रेट (SDM) की ओर से सौंपी गई दोनों जांच रिपोर्टों पर भी सवाल उठाए। पहली रिपोर्ट 25 फरवरी 2023 को दी गई थी। इसमें केवल इतना कहा गया था कि बुजुर्ग की उत्पीड़न संबंधी शिकायत सही है या नहीं, यह तय नहीं किया जा सका। अदालत ने कहा कि यह रिपोर्ट निर्णायक नहीं थी। इसके आधार पर यह नहीं माना जा सकता था कि बुजुर्ग के आरोप गलत साबित हो गए हैं।
दूसरी रिपोर्ट 17 सितंबर 2025 को सौंपी गई थी। इसमें दोनों पक्षों के बयान, घर के दौरे और उनके द्वारा दिए गए दस्तावेजों का उल्लेख किया गया था। हालांकि, रिपोर्ट में न तो सबूतों पर चर्चा की गई और न ही यह बताया गया कि घर के निरीक्षण के दौरान क्या देखा गया था। अदालत ने कहा कि रिपोर्ट में केवल एक पंक्ति में यह निष्कर्ष दे दिया गया कि उत्पीड़न का आरोप साबित नहीं हुआ, क्योंकि उसके स्पष्ट सबूत नहीं मिले। हाईकोर्ट के मुताबिक, बिना कारण बताए दिया गया निष्कर्ष किसी ठोस निष्कर्ष के रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
बेटों के कारोबारी विवाद को नहीं माना जा सकता आधार
हाईकोर्ट ने कहा कि बुजुर्ग के बेटों के बीच कारोबारी विवाद होने भर से उनकी शिकायत को झूठा या बेबुनियाद नहीं माना जा सकता। न ही इस आधार पर उन्हें वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत मिलने वाली सुरक्षा से वंचित किया जा सकता है। अदालत ने यह भी ध्यान दिया कि बुजुर्ग ने साल 2022 से कई बार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। हाईकोर्ट पहले भी पुलिस को निर्देश दे चुका था कि बेटे और बहू से कथित खतरे की स्थिति में बुजुर्ग को हर संभव मदद दी जाए।
सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के पुराने फैसलों का हवाला
इस फैसले में दिल्ली हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के अगस्त 2026 के फैसले रवि कांत गुप्ता बनाम उत्तर प्रदेश राज्य का भी हवाला दिया। उस फैसले में कहा गया था कि अगर किसी वरिष्ठ नागरिक के भरण-पोषण और सुरक्षा के लिए जरूरी हो, तो मेंटेनेंस ट्रिब्यूनल उसकी संपत्ति से बच्चों को बेदखल करने का आदेश दे सकता है।
इसके अलावा, अदालत ने दिल्ली हाईकोर्ट के ही फैसले प्रीतम सिंह बनाम राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार का भी उल्लेख किया। इसमें कहा गया था कि बेदखली की मांग करने वाले बुजुर्ग को केवल यह दिखाना होता है कि उसकी संपत्ति की सुरक्षा जरूरी है। बेटे या किसी दूसरे कानूनी वारिस द्वारा दुर्व्यवहार साबित करना अनिवार्य नहीं है।
1980 में DDA से मिला था मकान
याचिकाकर्ता बुजुर्ग को यह संपत्ति साल 1980 में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) से मिली थी। साल 2000 में उन्होंने इसे फ्रीहोल्ड करा लिया था। यानी संपत्ति पर उनका पूर्ण मालिकाना हक हो गया था। बुजुर्ग ने साल 2022 में वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत अधिकारियों से अपने बड़े बेटे और बहू को मकान से बेदखल करने की मांग की थी। उनका आरोप था कि उन्होंने बेटे-बहू से दूसरी जगह रहने की व्यवस्था करने को कहा, लेकिन दोनों ने घर खाली करने से इनकार कर दिया। उनका यह भी कहना था कि समय के साथ उनके प्रति बेटे और बहू का व्यवहार खराब होता गया।
जिला मजिस्ट्रेट और मंडलायुक्त के आदेश रद्द
जिला मजिस्ट्रेट ने अगस्त 2023 में पहली बार बुजुर्ग की याचिका खारिज कर दी थी। उस समय कहा गया था कि उत्पीड़न के आरोप साबित नहीं हुए हैं और मामला बेटों के बीच कारोबारी विवाद से जुड़ा लग रहा है। बाद में मामले पर नए सिरे से विचार करने के निर्देश दिए गए, लेकिन जिला मजिस्ट्रेट ने अक्टूबर 2025 में फिर याचिका खारिज कर दी। इसके बाद मंडलायुक्त ने 28 अप्रैल 2026 को जिला मजिस्ट्रेट के फैसले को बरकरार रखा। इसके खिलाफ बुजुर्ग ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हाईकोर्ट ने जिला मजिस्ट्रेट के 28 अक्टूबर 2025 के आदेश और मंडलायुक्त के 28 अप्रैल 2026 के आदेश रद्द कर दिए। साथ ही, बेटे और बहू को चार हफ्ते के भीतर मकान खाली करने का निर्देश दिया।
दोनों पक्षों की ओर से इन वकीलों ने की पैरवी
बुजुर्ग की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता माधव खुराना ने वकील रिया अरोड़ा, आयुष कुमार, अनन्या सक्सेना, गरिमा राय सिंघानिया, शशांक दीवान, उत्तम कुमार और हार्दिक अरोड़ा के साथ पैरवी की। वहीं, बेटे की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनुराग अहलूवालिया पेश हुए। दिल्ली सरकार की ओर से पैनल काउंसिल नितिका भूटानी और केंद्र सरकार की ओर से सेंट्रल गवर्नमेंट स्टैंडिंग काउंसिल पूजा एस. कालरा ने पक्ष रखा। हाईकोर्ट ने बुजुर्ग की याचिका स्वीकार करते हुए उनके पक्ष में यह आदेश दिया।(इनपुट- ANI)
also read : 30 नवंबर तक रद्द रहेंगी टाटानगर की 5 जोड़ी ट्रेनें, 30 जोड़ी और ट्रेनों पर होगा असर


