झारखंड में सड़क परियोजनाओं में देरी पर सख्त हुए सीएम हेमंत सोरेन, 2 महीने का अल्टीमेटम

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य में सड़क, फ्लाईओवर और पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर कड़ा रुख अपनाया है।
हेमंत सोरेन

रांची : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने राज्य में सड़क, फ्लाईओवर और पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित पथ निर्माण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। सीएम ने स्पष्ट कहा कि जनता की सुविधा से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Read More : राजमहल सांसद विजय हांसदा बंधन में बंधे, तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल

बैठक में पिछले पांच वर्षों की कार्य योजनाओं, निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने राजधानी रांची समेत राज्य की सभी प्रमुख लंबित सड़क, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज और पुल-पुलिया परियोजनाओं को आगामी दो महीने के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

हर परियोजना की होगी जियो-टैगिंग, बनेगा डिजिटल डेटाबेस

मुख्यमंत्री ने पारदर्शिता और रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए सभी सड़क और पुल परियोजनाओं की जियो-टैगिंग अनिवार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने विभाग से प्रत्येक परियोजना का अद्यतन और व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने को कहा, जिसमें परियोजना की लागत, समय-सीमा, वर्तमान स्थिति और दैनिक प्रगति का स्पष्ट विवरण दर्ज हो। उन्होंने कहा कि जियो-टैगिंग के माध्यम से परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी के साथ जवाबदेही भी तय होगी। साथ ही समस्याओं की समय पर पहचान कर शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

समयसीमा चूकने पर होगी कार्रवाई

सीएम ने चेतावनी दी कि तय समयसीमा का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों और लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से मिल रही सड़कों की खराब स्थिति, गड्ढों, जलजमाव और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी की समुचित व्यवस्था, संकीर्ण सड़कों के चौड़ीकरण और पुल-पुलियों के किनारों के सुदृढ़ीकरण का कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तेजी से पूरा किया जाए। समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण जयंत भेंगरा तथा संबंधित विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *