रांची : PM नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को झारखंड भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पूरे राज्य में भव्य दीपोत्सव और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के दिशा-निर्देश में पार्टी ने राज्यभर में इस वृहद आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे राज्य के प्रत्येक बूथ, गांव और शहर में पार्टी कार्यकर्ता आम जनता और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ मिलकर अपने घरों, मठ-मंदिरों और प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्वलित करेंगे। इस दीपोत्सव के माध्यम से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी।
Read More : JPSC और JSSC CGL परीक्षा धांधली मामले में CID की कार्रवाई, 4 गिरफ्तार
अल्बर्ट एक्का चौक पर जलेंगे 21 हजार दीये, बनेगी विशाल सैंड आर्ट
राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर 21 हजार दीये जलाकर भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर ओडिशा के पुरी से आए अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सैंड आर्ट (बालू कला) के कलाकारों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अद्भुत बालू आकृति बनाई जाएगी। इसके अलावा रांची के जेल मोड़, रातू फ्लाई ओवरब्रिज, जगन्नाथपुर स्थित लाइट हाउस और भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी विशेष सजावट और दीप प्रज्वलन किया जाएगा।
राज्य के शीर्ष दिग्गज नेता अलग-अलग जिलों में होंगे शामिल
दीपोत्सव के दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू रांची पश्चिमी जिला अंतर्गत कुच्चू मंडल के दुर्गा मंदिर में उपस्थित रहेंगे। वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा सरला बिरला परिसर में आयोजित दीपोत्सव में शामिल होंगे। पार्टी द्वारा साहेबगंज के नमामि गंगे घाट, रामगढ़ के रजरप्पा शक्ति पीठ, देवघर एम्स परिसर, धनबाद के चिटाही धाम, पलामू में कोयल नदी तट और चतरा के जतराही बाग दुर्गा मंदिर सहित राज्य के प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर भी दीपोत्सव का बड़ा आयोजन किया गया है।




