रांची : मौजा-भूसुर में DPS स्कूल से बिरसा चौक जाने वाले मुख्य मार्ग के किनारे बसे गरीब परिवारों को हटाने की कार्रवाई का मामला सामने आया है। महापौर रोशनी खलखो ने डीसी मंजूनाथ भजंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि स्थानीय निवासियों और पार्षद के माध्यम से मिली सूचना के अनुसार, राजमार्ग के दायें-बायें करीब 40 से 50 वर्षों से रह रहे गरीब परिवारों को हटाया जा रहा है या हटाया गया है। बारिश के मौसम में छोटे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य परिवार के सदस्यों के खुले आसमान या सड़क किनारे रहने की स्थिति को गंभीर बताया गया है।
Read More : PM के जन्मदिन पर झारखंड BJP का भव्य दीपोत्सव, जलेंगे लाखों ‘आशीर्वाद के दीये’
प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग
महापौर ने पत्र में कहा है कि ऐसी स्थिति से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत आवश्यकताओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने मानवीय और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए परिवारों को हटाने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि वैकल्पिक आवास या पुनर्वास की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने के बाद ही परिवारों को हटाने की कार्रवाई की जाए।
सर्वे कर मूलभूत सुविधाएं देने की मांग
महापौर ने प्रभावित परिवारों की वर्तमान स्थिति का तत्काल सर्वेक्षण कराने की मांग की है। साथ ही आवास, पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। पत्र में उम्मीद जताई गई है कि जिला प्रशासन इस गंभीर विषय पर शीघ्र संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा।



